नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जडेजा को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि जडेजा के लिए अब टीम में वापसी काफी मुश्किल होगी।
पुजारा और अभिषेक नायक ने जडेजा के भविष्य को लेकर चर्चा की। भारतीय टीम के लिए अक्षर पटेल पहली पसंद के लेफ्ट-आर्म स्पिनर बन गए हैं। वनडे वर्ल्ड कप में अब बस एक साल बचा है, और विदेशी परिस्थितियों में भी भारतीय वनडे टीम में जडेजा को जगह न मिलना, उनके वर्ल्ड कप भविष्य को लेकर सवाल खड़े करता है।
टीम से बाहर किए जाने पर पुजारा ने कहा कि शायद जडेजा के लिए अब आगे का रास्ता बंद हो गया है, क्योंकि प्राथमिकता के क्रम में अक्षर पटेल उनसे आगे निकल गए हैं। पुजारा ने 'जियोस्टार' पर कहा, "मुझे ऐसा ही लगता है, क्योंकि अगर आप रवींद्र जडेजा को वनडे क्रिकेट में बनाए रखना चाहते थे, तो उनका चयन होना चाहिए था। मुझे यकीन है कि उन्हें बता दिया गया होगा कि उनका चयन शायद न हो, क्योंकि अक्षर पटेल वनडे क्रिकेट में मुख्य ऑलराउंडर बन गए हैं और उन्हें ज्यादा मौके दिए जा रहे हैं।"
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, "उनकी उम्र को देखते हुए मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट ने शायद उनसे कह दिया होगा कि अब वह केवल टेस्ट क्रिकेट का हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें उसी पर ध्यान देना चाहिए। वह उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20) के लिए नहीं देख रहे हैं। इसी कारण यह उनके लिए अंत हो सकता है, क्योंकि जाहिर है कि वह टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। मुझे लगता है कि शायद अब उन्हें वनडे के लिए भी न चुना जाए।"
हालांकि, नायर का मानना है कि जडेजा अभी भी भारत के लिए एक "इंश्योरेंस पॉलिसी" हैं, और वर्ल्ड कप में वह अक्षर पटेल के बैकअप हो सकते हैं। नायर ने कहा, "हो सकता है कि जडेजा टीम में वापस न आएं, लेकिन अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है, तो सबसे पहले जडेजा का ही नाम दिमाग में आएगा। क्योंकि अक्षर के बाद, कोई और विकल्प नहीं है।"
उन्होंने उसी शो में कहा, "अभी सबसे अहम सवाल यह है कि अक्षर के बाद सबसे आगे कौन है? फिलहाल तो अक्षर पटेल ही सबसे आगे हैं और उनके बाद जडेजा एक तरह से 'इंश्योरेंस पॉलिसी' की तरह हैं। अगर वर्ल्ड कप से पहले अक्षर पटेल को कुछ हो जाता है, तो रवींद्र जडेजा टीम में आ जाएंगे।"
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की महत्वपूर्ण वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी। भारतीय टीम के लिए यह एक बेहतरीन मौका होगा कि वह चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खुद को परखें और अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले बड़े टूर्नामेंट के लिए अपना सबसे बेहतरीन कॉम्बिनेशन तय कर सकें।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम