शरीर को डिटॉक्स करता है गुनगुना पानी, पीरियड्स के दौरान पेट दर्द करता है कम

शरीर को डिटॉक्स करता है गुनगुना पानी, पीरियड्स के दौरान पेट दर्द करता है कम

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। सुबह के समय में शरीर पूरी तरह से सक्रिय होने की तैयारी में रहता है। अक्सर लोग सुबह उठते ही चाय, कॉफी या सीधे नाश्ता कर लेते हैं, लेकिन आयुर्वेद और विज्ञान दोनों मानते हैं कि सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीना सेहत के लिए अद्भुत फायदे दे सकता है। यह शरीर को अंदर से स्वस्थ और ताजगी देता है। गुनगुना पानी शरीर को हाइड्रेट करता है, पाचन को दुरुस्त करता है और कई तरह की बीमारियों से बचाने में मदद करता है।

ध्यान रहे कि पानी इतना गर्म होना चाहिए कि हाथ से छूने पर गर्म लगे, लेकिन ज्यादा गर्म न हो। सामान्यत 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त माना जाता है। सुबह उठते ही खाली पेट एक गिलास पानी पीना सबसे अच्छा रहता है। इससे दिन की शुरुआत ताजगी से होती है।

आयुर्वेद के अनुसार, पेट का सही पाचन शरीर के बाकी हिस्सों की सेहत के लिए जरूरी है और गुनगुना पानी पाचन तंत्र के लिए बेहद लाभकारी होता है। सुबह खाली पेट पानी पीने से पेट में मौजूद खाना जल्दी पचता है। यह कब्ज की समस्या को दूर करता है और पेट फूलने या गैस की तकलीफ में राहत देता है।

इसके अलावा, गुनगुना पानी शरीर को डिटॉक्स करता है। दिनभर के दौरान शरीर में जमा होने वाले विषैले तत्व और गंदगी को ये पानी बाहर निकालता है। इससे लिवर और किडनी को मदद मिलती है, आंतें साफ रहती हैं और पेट हल्का महसूस होता है। यह प्रक्रिया शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है।

गुनगुना पानी ब्लड फ्लो को भी बेहतर बनाता है। यह शरीर के तापमान को थोड़ा बढ़ाता है, जिससे खून तेजी से पूरे शरीर में दौड़ता है। ऑक्सीजन और पोषण हर अंग तक पहुंचता है, हृदय स्वस्थ रहता है, और त्वचा पर प्राकृतिक चमक आती है।

सिर्फ पाचन और ब्लड फ्लो ही नहीं, बल्कि सुबह गुनगुना पानी पीने से मांसपेशियों और जोड़ों की अकड़न में भी राहत मिलती है। महिलाओं के पीरियड्स के दौरान पेट दर्द और ऐंठन कम करने में भी यह मददगार है।

गुनगुना पानी वजन घटाने में भी मदद करता है। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे कैलोरी जल्दी बर्न होती हैं और भूख कम लगती है। अगर इसे संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के साथ लिया जाए, तो वजन घटाने में यह बेहद सहायक है।

गुनगुना पानी में आप चाहें तो नींबू का रस मिलाकर भी पी सकते हैं, लेकिन जिनका ब्लड प्रेशर बहुत हाई है या जिन्हें पेट की जलन या अल्सर की समस्या है, उन्हें पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

--आईएएनएस

पीके/डीकेपी