बुरहानपुर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा’ मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यात्रा में शामिल लोगों से संवाद किया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
संवाद के दौरान सेवा संकल्प यात्रा में शामिल यात्रियों ने प्रधानमंत्री को यात्रा के दौरान अब तक के अनुभवों और विभिन्न पड़ावों के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने यात्रियों से रास्ते में आने वाली परेशानियों तथा यात्रा के दौरान मिल रहे अनुभवों के बारे में भी जाना।
वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुरहानपुर के बोहरा समाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में बोहरा समाज के लोग रहते हैं और वे अच्छी गुजराती बोलते हैं। प्रधानमंत्री ने यात्रियों से यात्रा के अनुभव, व्यवस्थाओं और रास्ते में मिलने वाले लोगों की प्रतिक्रियाओं के बारे में भी जानकारी ली।
सेवा संकल्प यात्रा के नेपानगर पहुंचने पर स्थानीय स्तर पर भी लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अभियान बताया।
नेपानगर की विधायक मंजू दादू ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि सेवा संकल्प यात्रा नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास का संकल्प लिया है और युवा पीढ़ी इस संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है। यह सौभाग्य की बात है कि यह यात्रा उनकी विधानसभा में पहुंची है।
बुरहानपुर की विधायक अर्चना चिटणीस ने कहा कि बुरहानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअली उपस्थिति में आयोजित ‘सेवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के अनथक, अविरल और निष्काम जनसेवा के सफर से प्रेरित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, हर पीढ़ी और पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने वाला एक दिव्य जन-अभियान है। यह यात्रा जीवंत है और लोगों को जीवन में प्रेरणा और दिशा देने वाली है। प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्षों तक बिना रुके और बिना थके सेवा का संकल्प निभाया है। इससे प्रेरणा लेकर लोग अपने-अपने जीवन में बेहतर कार्य करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा नेता मनोज माने ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व की बात है कि सेवा संकल्प यात्रा बुरहानपुर तक पहुंची है। यात्रा के यहां पहुंचने से स्थानीय लोगों में उत्साह है और लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया है।
समाजसेवी अतुल पटेल ने कहा कि युवाओं द्वारा निकाली जा रही यह संकल्प यात्रा गुजरात के वडनगर से चलकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक जाएगी। यह यात्रा अपने मार्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और सेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाएगी। यह यात्रा लोगों को जोड़ने और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम