‘सेवा संकल्प यात्रा’ 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर निकलेगी : वीडी शर्मा

‘सेवा संकल्प यात्रा’ 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर निकलेगी: वीडी शर्मा

गांधीनगर, 15 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वीडी शर्मा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा अभियानों का आयोजन किया जाएगा।

गांधीनगर में आईएएनएस से बातचीत में वीडी शर्मा ने बताया कि इन अभियानों के तहत वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा और युवाओं के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा की शुरुआत सेवा के संकल्प के साथ की जाएगी। वडनगर से शुरू होने वाली यात्रा में 200 से अधिक बाइक सवार सेवा यात्री शामिल होंगे। इन्हें 25-25 लोगों के समूह में बांटा जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। युवाओं द्वारा निकाली जा रही यह बाइक रैली करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

इसी प्रकार वाराणसी से शुरू होने वाली यात्रा के उद्घाटन समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेता मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान युवा संवाद, ग्राम चौपाल, पौधरोपण और स्वच्छता जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।

वीडी शर्मा ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन पौधरोपण भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से प्रेरणा लेते हुए पौधरोपण अभियान को भी यात्रा का हिस्सा बनाया गया है। जहां-जहां यात्रा पहुंचेगी, वहां पौधरोपण किया जाएगा और इससे प्रेरणा लेकर स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन के कारण गरीबों के जीवन में बदलाव आया है। करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। देश से नक्सलवाद खत्म हुआ और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है और कई क्षेत्रों में इसका प्रभाव कम हुआ है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम