नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, देश का सबसे बड़ा और पुराना सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर की नियमित आधार पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एसबीआई ने पद/ग्रेड के अनुसार विभिन्न 35 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए भर्ती निकाली है, उनमें ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर-आईबीजी (टीएफओ-आईबीजी)/जेएमजीएस I के 14 और ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर-आईबीजी (टीएफओ-आईबीजी)/एमएमजीएस II के 21 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 19 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी यूनिवर्सिटी या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन और आईआईबीएफ से फॉरेक्स ऑपरेशन्स में सर्टिफिकेशन होना जरूरी है। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को पास पद के अनुसार किसी भी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में ऑफिसर/ऑफिशियल की भूमिका में (खासकर 'मेकर' की भूमिका में) ट्रेड फाइनेंस प्रोसेसिंग और ऑपरेशन्स का कम से कम 1 से 3 वर्षों का अनुभव जरूरी एकेडमिक क्वालिफिकेशन के बाद का होना अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु जेएमजीएस I के लिए 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। वहीं, एमएमजीएस II के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है। आयु सीमा की गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी और आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, मेरिट सूची और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (जेएमजीएस)-I के लिए 48,480 से 85,920 रुपए के बीच और मीडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (एमएमजीएस)-II के लिए 64,820 से 93,960 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/पीएम