नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। ईरान ने इराक के कुर्दिस्तान इलाके में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के महावाणिज्य दूतावास को निशाना बनाया। ईरान के इस बिना उकसावे वाले आतंकवादी ड्रोन हमले की यूएई ने कड़ी निंदा की। इस हमले में सामान का नुकसान हुआ है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा कि डिप्लोमेटिक मिशन और महावाणिज्य मिशन को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों, खासकर कूटनीतिक संबंधों पर वियना कन्वेंशन का खुला उल्लंघन है। वियना कन्वेंशन दूतावासों व उनमें तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा की गारंटी देता है। इस तरह की हरकतें खतरनाक बढ़ोतरी और इलाके की सुरक्षा व स्थिरता के लिए खतरा हैं।
यूएई ने इराक और इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की सरकार से इस हमले के हालात की जांच करने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और अपराधियों को जिम्मेदार ठहराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा है।
मंत्रालय ने सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने वाले ऐसे हमलों को यूएई की तरफ से पूरी तरह से नकारने की बात दोहराई। साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों व नियमों के अनुसार राजनयिक जगहों, मिशनों और उनके कर्मचारियों की सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया।
इससे ठीक एक दिन पहले यूएई एयर डिफेंस ने दावा किया कि उसने ईरानी मिसाइलों को रोका, जिसका मलबा दुबई मरीना में टावर पर गिरा। इससे बिल्डिंग के सामने के हिस्से से धुआं उठने लगा और इलाके में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि स्थिति को जल्दी ही नियंत्रण में ले लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यूएई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नुकसान उस मलबे के गिरने से हुआ, जो एयर डिफेंस सिस्टम की ओर से आने वाले खतरे को इंटरसेप्ट करने के बाद नीचे गिरा था।
यूएई के सोशल मीडिया हैंडल ने 'एक्स' पर लिखा, "अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सफल इंटरसेप्शन के बाद गिरे मलबे से दुबई मरीना के एक टावर के बाहरी हिस्से पर एक मामूली घटना हुई। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।"
--आईएएनएस
केके/पीयूष