आर.बी. चौधरी के निधन पर महत राघवेंद्र ने पहली मुलाकात की याद, कहा- आपने सपनों को दिया सहारा

आर.बी. चौधरी के निधन पर महत राघवेंद्र ने पहली मुलाकात की याद, कहा- आपने सपनों को दिया सहारा

चेन्नई, 6 मई (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज प्रोड्यूसर आर.बी. चौधरी के निधन के बाद पूरा सिनेमा जगत शोक में डूबा हुआ है। इस कड़ी में एक्टर महत राघवेंद्र ने उन्हें याद करते हुए एक भावुक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने अपनी पहली मुलाकात से लेकर अपने करियर पर उनके प्रभाव तक की बातें बताईं।

महत राघवेंद्र ने इंस्टाग्राम पोस्ट में उस दिन का जिक्र किया जब वह पहली बार आर.बी. चौधरी से मिलने उनके दफ्तर गए थे। याद करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं वह पहला दिन कभी नहीं भूल सकता। उस समय आपने मुझसे एक सवाल पूछा था – 'तुम कितने बड़े स्टार बनना चाहते हो?' इस पर मैंने जवाब दिया– 'बहुत बड़ा स्टार बनना चाहता हूं।' ये सुनकर आप मुस्कुराए और मुझे समझाया कि चाहे कुछ भी हो, हमेशा मेहनत करते रहना चाहिए, लगातार काम करना चाहिए और सफलता या असफलता से प्रभावित नहीं होना चाहिए। आपने यह भी सलाह दी कि जो लोग आपको नीचे गिराने की कोशिश करें, उनकी बातों को नजरअंदाज करो और हमेशा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहो।"

महत ने कहा, ''यह मेरे जीवन के लिए सबसे बड़ी सीख थी। आपने मुझ पर विश्वास किया, मेरा मार्गदर्शन किया और मुझे करियर का सबसे बड़ा मौका दिया। आप जैसे लोग बहुत कम होते हैं, जो अपने साथ-साथ दूसरों के सपनों को भी आगे बढ़ाने का काम करते हैं। आपने मेरे जैसे कई युवाओं को अवसर दिया और उनके सपनों को साकार करने में मदद की।''

महत राघवेंद्र ने पोस्ट में आर.बी. चौधरी को विनम्र और दयालु इंसान बताया। उन्होंने कहा, ''वह सिर्फ एक सफल प्रोड्यूसर ही नहीं थे, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति थे, जिनका दिल बहुत बड़ा था। उन्होंने इंडस्ट्री में कई नए लोगों को मौका दिया और उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।''

महत ने चौधरी के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें हिम्मत और शांति दे। परिवार के लिए यह समय बेहद मुश्किल है और सभी को उनके साथ खड़ा रहना चाहिए।

--आईएएनएस

पीके/एएस