मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तैयारी करने के साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। सोसायटी फॉर एप्लाइड माइक्रोवेव इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (समीर) ने संविदा के आधार पर प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत विभिन्न 16 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
समीर की ओर से जारी 16 रिक्तियों में प्रोजेक्ट इंजीनियर - इलेक्ट्रॉनिक्स के 4, सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर - इलेक्ट्रॉनिक्स का 1, प्रोजेक्ट साइंटिफिक असिस्टेंट (ए) - इलेक्ट्रॉनिक्स के 7, प्रोजेक्ट साइंटिफिक असिस्टेंट (बी) - इलेक्ट्रॉनिक्स के 2 और प्रोजेक्ट साइंटिफिक असिस्टेंट (सी) - इलेक्ट्रॉनिक्स के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे समीर के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन्स में इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में बैचलर डिग्री (बीई या बीटेक) कम से कम 55 प्रतिशत मार्क्स के साथ; इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कम से कम 55 प्रतिशत अंक के साथ होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास पद अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में 3 से 8 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 28 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा/इंटरव्यू/कौशल परीक्षा (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 23,500 से 37,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
समीर की ओर से लिखित परीक्षा/इंटरव्यू 23 जून को प्रोजेक्ट इंजीनियर (पीई)/सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (एसपीई) पदों के लिए और 24 जून को प्रोजेक्ट साइंटिफिक असिस्टेंट (पीएसए) पदों के लिए 'समीर- सीई3, सेंटर फॉर इलेक्ट्रोमैग्नेटिक एनवायरनमेंटल इफेक्ट्स, प्लॉट नंबर 40, एपीआईआईसी इंडस्ट्रियल पार्क, आईआईएम रोड, गंभीरम, आनंदापुरम, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश 531163' पते पर आयोजित होने की संभावना है। जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से 9.30 बजे के बीच तय किया गया है।
ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के दिन समय से पते पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी के साथ फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एएस