सबा करीम : 15 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास डेब्यू, एक इंजरी से इंटरनेशनल करियर खत्म

सबा करीम : 15 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास डेब्यू, एक इंजरी से इंटरनेशनल करियर खत्म

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम का इंटरनेशनल करियर भले ही ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन वह अपने करियर के दौरान प्रभाव छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने भारत के लिए एक टेस्ट और 34 वनडे मैच खेले।

सबा करीम का जन्म 14 नवंबर को पटना में हुआ। उन्होंने महज 15 साल की उम्र में ही फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू किया। हालांकि, उन्हें अपने इंटरनेशनल डेब्यू के लिए खासा इंतजार करना पड़ा। सबा ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू साल 1997 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया।

वहीं, उन्हें क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में पहला मैच खेलने के लिए तीन साल का और इंतजार करना पड़ा। साल 2000 में सबा करीम ने अपना टेस्ट डेब्यू बांग्लादेश के खिलाफ किया। उन्होंने भारत की ओर से खेले 34 वनडे मैचों में 362 रन बनाए, जबकि एक टेस्ट मैच में सबा ने 15 रन बनाए।

सबा करीम भारत के बेहतरीन विकेटकीपर रहे, लेकिन साल 2000 में विकेटकीपिंग के दौरान अनिल कुंबले की एक गेंद उनकी आंख पर आकर लगी, जिसके चलते बुलंदियों की तरफ बढ़ रहा उनका इंटरनेशनल करियर अचानक से खत्म हो गया। सबा को ठीक तरह से देखने में परेशानी होने लगी, जिसके चलते वह भारत के लिए आगे नहीं खेल सके।

दूसरी ओर, 14 नवंबर 1985 को पश्चिम बंगाल में जन्मे मनोज तिवारी ने भारत के लिए 12 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। उन्होंने साल 2008 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया। वहीं, उनका टी20 डेब्यू साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ हुआ। मनोज ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 12 वनडे और 3 टी20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने वनडे में 287 और टी20 में 15 रन बनाए।

हालांकि, घरेलू क्रिकेट में मनोज का प्रदर्शन काफी शानदार रहा और उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 10,195 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 45 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने साल 2020 में रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए तिहरा शतक भी लगाया। हालांकि, वह इंटरनेशनल क्रिकेट में मिले मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे, जिसके चलते उनका करियर लंबा नहीं हो सका।

ऋषिकेश कानिटकर का जन्म भी 14 नवंबर को पुणे में हुआ। ऋषिकेश बाएं हाथ के बल्लेबाज थे और स्पिन गेंदबाजी भी किया करते थे। हालांकि, उनका करियर भारतीय जर्सी में ज्यादा लंबा नहीं रहा। उन्होंने टीम के लिए 2 टेस्ट और 34 वनडे मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 74 और वनडे में 339 रन बनाए। अपने पूरे इंटरनेशनल करियर में ऋषिकेश सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा सके।

ऋषिकेश ने 18 जनवरी, 1998 को पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम को चौका लगाकर जीत दिलाई थी। अंत के ओवरों में उन्होंने महत्वपूर्ण नाबाद 11 रन बनाए थे, जिसके चलते भारतीय टीम 316 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने में कामयाब रही थी।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम