मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। संसद के शीतकालीन अधिवेशन को टालकर विशेष अधिवेशन बुलाने के सरकार के फैसले पर शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' ने तीखा संपादकीय लिखा है। 'सामना' ने विशेष अधिवेशन को डिलिमिटेशन (परिसीमन) विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए सरकार का नया दांव बताया है।
संपादकीय में कहा गया है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष अधिवेशन की घोषणा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पहले सरकार ने विपक्ष और संसद के अन्य प्रमुख नेताओं से चर्चा करने का सौजन्य तक नहीं दिखाया। रिजिजू ने सोशल मीडिया पर सूचना दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से 30 नवंबर को और राज्यसभा के सभापति से 2 दिसंबर को अधिवेशन बुलाने का अनुरोध किया है।
सामना के अनुसार, सरकार पहले निर्णय लेती है, अपना दांव चलती है और बाद में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को सूचित करती है। यह विशेष अधिवेशन है और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन यानी डिलिमिटेशन विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए यह दूसरा दांव खेला गया है। 2026 के मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए हुए सौ दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन संसद का सत्रावसान नहीं किया गया था। इसके कारण सरकार ने अल्प सूचना पर कभी भी संसद का सत्र बुलाने का अधिकार अपने हाथ में रखा था।
संपादकीय में दावा किया गया है कि विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है। यह आंकड़ा सरकार जुटा नहीं पाई थी। इसलिए 17 अप्रैल 2026 को यह विधेयक लोकसभा में गिर गया। अब सरकार इस विधेयक को दोबारा ला रही है, तो दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा उसने किस रास्ते से जुटाया, यह सवाल उठाया गया है।
तमिलनाडु की डीएमके और महाराष्ट्र की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधेयक के पक्ष में मतदान करने की चर्चा पर सामना ने कहा है कि ऐसा हुआ तो इन दोनों दलों का अपनी विचारधारा के साथ विश्वासघात होगा। डीएमके और कांग्रेस के बीच इस समय दरार है। डीएमके ने कांग्रेस से नाता तोड़कर इंडिया गठबंधन से दूरी बना ली है। फिर भी उसके नेता बार-बार भाजपा की मदद न करने की बात करते हैं।
निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन विधेयक पर संपादकीय में कहा गया है कि राज्यों की जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसलिए उत्तर भारत में जनसंख्या अधिक होने के कारण वहां सीटों की संख्या में भारी वृद्धि होगी, जबकि दक्षिण के राज्यों ने जनसंख्या पर नियंत्रण रखा है, इसलिए वहां सीटों की संख्या उतनी नहीं बढ़ेगी। दक्षिण के राज्यों को इस विधेयक पर आपत्ति है। केरल और तमिलनाडु के दल भी इसका विरोध कर रहे हैं।
आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी मोदी-शाह सरकार में शामिल है, लेकिन वाईएसआर कांग्रेस के जगन मोहन रेड्डी ने भी अब विधेयक के विरोध में आवाज उठाई है।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम