सर्जियो गोर ने की मार्को रुबियो की मेजबानी, नई द‍िल्‍ली में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष का भव्य समारोह

सर्जियो गोर ने की मार्को रुबियो की मेजबानी, नई द‍िल्‍ली में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष का भव्य समारोह

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी स्वतंत्रता और उत्कृष्टता के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित रूजवेल्ट हाउस में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि इस अवसर पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मेजबानी करना उनके लिए गर्व की बात है।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “भारत में अमेरिकी स्वतंत्रता और उत्कृष्टता के 250 वर्ष पूरे होने का जश्न! आज शाम रूजवेल्ट हाउस में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मेजबानी करके हमें बेहद खुशी हो रही है। इस शानदार समारोह में भारत सरकार और व्यापार जगत से हमारे मित्र और सहयोगी शामिल हैं, जिनमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पीयूष गोयल, विक्रम मिस्री और तरनजीत सिंह संधू भी शामिल हैं।”

गोर ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “मेरी मित्र और राजनेता सैदा मिर्ज़ियोयेवा का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो आज शाम विदेश मंत्री मार्को रुबियो के सम्मान में आयोजित विशेष रात्रिभोज में शामिल होने के लिए ताशकंद से यहां आईं। उज़्बेकिस्तान के साथ हमारा सहयोग अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।”

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को पहली बार आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे। नई दिल्ली पहुंचने के बाद रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध भी भारत-अमेरिका रिश्तों को और मजबूत कर रहे हैं।

रुबियो ने कहा, “दोनों नेताओं के बीच संबंध पहले कार्यकाल से ही मजबूत रहे हैं, जब राष्ट्रपति ट्रंप को भारत आने का अवसर मिला था। यह रिश्ता अब दूसरे कार्यकाल में भी जारी है और दोनों नेताओं के बीच गहरा जुड़ाव साफ दिखाई देता है। ये दोनों गंभीर नेता हैं, जो केवल अल्पकालिक नहीं, बल्कि दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी कई ऐसे क्षेत्रों में गहरी हुई है, जो अक्सर सुर्खियों में नहीं आते, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण और स्थायी हैं।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। रविवार शाम दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के बाद वह सोमवार, 25 मई को सुबह 9 बजे आगरा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अपने दौरे के आखिरी दिन मंगलवार, 26 मई को सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर वह नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे फैमिली फोटो कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर सुबह 9 बजे हैदराबाद हाउस में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे मार्को रुबियो अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।

--आईएएनएस

एवाई/एएस