पोलैंड-भारत के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाएं अपार : पोलिश वित्त मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की

Poland’s Minister of Finance and Economy Andrzej Domański

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। पोलैंड के वित्त मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की ने भारत-पोलैंड के बीच बढ़ते ट्रेड संबंधों की प्रशंसा की है। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने माना कि भारत और पोलैंड के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन दोनों देशों के आर्थिक सहयोग की संभावनाएं इससे कहीं अधिक हैं।

उन्होंने कहा, " दोनों देशों के बीच संभावनाएं अपार हैं। हमारा मानना ​​है कि 2030 तक हमारे देशों के बीच ट्रेड को कम से कम दोगुना करना रियलिस्टिक है और इसी उद्देश्य से वह भारत की यात्रा पर अंतरिक्ष, रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, दवा और कृषि क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आए हैं। पोलैंड यूरोपीय संघ की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, जबकि भारत भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।"

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं कई क्षेत्रों में एक-दूसरे की पूरक हैं और उनके बीच सहयोग बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं।

डोमान्स्की ने भारत और पोलैंड के बीच हुए समझौतों को महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि इन्हें जल्द पूरी तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा," दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार भारतीय और पोलिश कंपनियों के साथ-साथ यूरोपीय कंपनियों के लिए भी लाभकारी हो सकता है।"

पोलिश वित्त मंत्री के अनुसार, उनका देश निष्पक्ष व्यापार का समर्थन करता है। उन्होंने वैश्विक मूल्य शृंखलाओं में पोलैंड की मजबूत स्थिति को उसकी आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण कारण बताया। हालांकि, उन्होंने व्यापार में सरकारी सब्सिडी पर आपत्ति जताते हुए कहा, "वैश्विक व्यापार का विस्तार पोलिश अर्थव्यवस्था के हित में है।"

रूस-यूक्रेन युद्ध पर डोमान्स्की ने कहा, "पोलैंड का रुख स्पष्ट है। युद्ध की कीमत रूस को चुकानी चाहिए।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व के बारे में पूछे जाने पर डोमान्स्की ने कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं है कि मोदी एक वैश्विक नेता हैं।" उन्होंने भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और बढ़ते सॉफ्ट पावर का भी उल्लेख किया। उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक प्रभाव और नेतृत्व से दुनिया की समस्याओं के समाधान में मदद मिल सकती है और इस दिशा में भारत तथा पोलैंड इन मुद्दों पर मिलकर काम करेंगे।"

--आईएएनएस

केआर/