नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। रेल इंडिया तकनीकी और आर्थिक सेवा (राइट्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, राइट्स लिमिटेड ने इंजीनियर-यूटी टेस्टिंग के कुल 8 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें जनरल के 5, ओबीसी (एनसीएल) के 2 और एससी का 1 पद शामिल है।
इंजीनियर पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे राइट्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की मैकेनिकल/मेटलर्जिकल ब्रांच में फुल-टाइम डिप्लोमा और साथ में यूटी लेवल-2 सर्टिफिकेट (एएसएनटी/आईएसएनटी) या इंजीनियरिंग की मैकेनिकल/मेटलर्जिकल ब्रांच में फुल-टाइम डिग्री और साथ में यूटी लेवल-2 सर्टिफिकेट (एएसएनटी/आईएसएनटी) होनी चाहिए।
इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास डिप्लोमा के लिए क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 5 वर्ष का अनुभव और डिग्री के लिए क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 2 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेजों की जांच/सत्यापन, इंटरव्यू, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 42,478 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
दस्तावेजों की जांच और इंटरव्यू 17 और 18 सितंबर को 'राइट्स, क्षेत्रीय कार्यालय, इंडस्ट्री हाउस, 5वीं मंजिल, 45, फेयर फील्ड लेआउट, रेस कोर्स रोड, बेंगलुरु 560001' और 'राइट्स, निरीक्षण कार्यालय, चेन्नई सीटीएस बिल्डिंग, दूसरी मंजिल, बीएसएनएल कॉम्प्लेक्स, नंबर-16, ग्रीम्स रोड, चेन्नई 600006' के पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए अभ्यर्थियों को केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी लाने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम