ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर किए जाने से आकाश चोपड़ा हैरान, बोले-मामला थोड़ा अजीब है

ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर किए जाने से आकाश चोपड़ा हैरान, बोले-मामला थोड़ा अजीब है

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल और वनडे सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में ऋषभ पंत को जगह नहीं दी गई है। मुख्य टीम के एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के बावजूद पंत को टी20 में मौका नहीं दिया गया है। इसके साथ ही विकेटकीपर-बल्लेबाज को वनडे टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया है।

भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पंत को वनडे टीम से बाहर करने के फैसले को थोड़ा अजीब बताया है। आकाश ने 'जियो हॉट स्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "ऋषभ पंत का मामला बहुत अजीब और अनोखा है। वे टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं और लाल गेंद की टीम के बहुत अहम सदस्य हैं, फिर भी उनसे वहां उपकप्तान की जिम्मेदारी छीन ली गई। हालांकि वनडे क्रिकेट में बिना खेले ही उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर, उन्हें रेस्ट ऑफ इंडिया का कप्तान बनाया गया है, जिससे यह पता चलता है कि रेड-बॉल क्रिकेट यानी लंबे फॉर्मेट में ऋषभ की बड़ी भूमिका को लेकर वे काफी गंभीर हैं। मगर व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए मुझे लगता है कि सिलेक्शन कमेटी ने अभी के लिए अपना फैसला कर लिया है।"

ऋषभ पंत ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त, 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं। टी20 में भी उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला जुलाई 2024 में खेला था, हालांकि पंत की फॉर्म पिछले कुछ समय में कुछ खास नहीं रही है और वह इंजरी से भी जूझते रहे हैं।

आकाश चोपड़ा ने उम्मीद जताई कि वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा दमदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, "वर्ल्ड कप में अब बस एक साल बचा है और मुझे पता है कि अगर रोहित और कोहली अपनी लय में आ गए तो वे रन बनाएंगे। आपको मैच जिताएंगे और शायद ट्रॉफी भी जिताएंगे। इस नजरिए से देखें तो रोहित और कोहली से बस यही उम्मीद है कि वे रन बनाते रहें।"

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होगा। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में 30 सितंबर को खेला जाना है। सीरीज का अंत मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। वनडे के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 6 अक्टूबर से होगा, जिसका अंतिम मुकाबला 17 अक्टूबर को खेला जाना है।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी