मुंबई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफएल) ने विभिन्न विषयों के आधार पर प्रबंधन प्रशिक्षार्थी (मैनेजमेंट ट्रेनी) के कुल 94 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आरसीएफएल की ओर से जारी 94 रिक्तियों में मैनेजमेंट ट्रेनी (केमिकल) के 32, मैनेजमेंट ट्रेनी (बॉयलर) के 6, मैनेजमेंट ट्रेनी (मैकेनिकल) के 4, मैनेजमेंट ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) के 10, मैनेजमेंट ट्रेनी (इंस्ट्रूमेंटेशन) के 9, मैनेजमेंट ट्रेनी (सामग्री) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (सिविल) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (फायर) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (सीसी लैब) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) के 2, मैनेजमेंट ट्रेनी (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) के 5, मैनेजमेंट ट्रेनी (राजभाषा) के 2 , मैनेजमेंट ट्रेनी (फाइनेंस) के 10 और मैनेजमेंट ट्रेनी (मार्केटिंग) के 10 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त की सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आरसीएफएल के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक, पीएचडी, मास्टर डिग्री, सीए/सीएमए, ग्रेजुएशन, एमबीए/एमएमएस/पीजीडीएम, आदि होना चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना एक फरवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेजों की जांच और मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक/पीडब्ल्यूबीडी/महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम