राज्यसभा में बोले जेपी नड्डा-विपक्ष मुद्दाविहीन, सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

राज्यसभा में बोले जेपी नड्डा- विपक्ष मुद्दाविहीन, सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। संसद में सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच गतिरोध अभी भी बरकरार है। गुरुवार को राज्यसभा में पक्ष-विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला। कांग्रेस व अन्य कई विपक्षी दलों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया। इस पर राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्र शुरू होने के बाद से विपक्ष का उद्देश्य केवल सदन की कार्यवाही बाधित करना रहा है। विपक्ष का पूरा ध्यान सदन को सुचारु रूप से नहीं चलने देने पर केंद्रित रहा है।

गुरुवार को राज्यसभा में बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह मुद्दा विहीन हो चुका है। विपक्ष की आदत लगातार गोलपोस्ट बदलने की हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार रही है। यह केवल मौजूदा सत्र की बात नहीं है, बल्कि पिछले सभी सत्रों में भी सरकार ने हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तत्परता दिखाई है।

उन्होंने कहा कि जब-जब किसी विषय पर चर्चा हुई है, विपक्ष को करारा जवाब मिला है, क्योंकि उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। विपक्ष पूरी तरह मुद्दा विहीन है। पिछले सभी सत्रों में सरकार हमेशा हर मामले पर चर्चा के लिए तैयार रही है और जब भी चर्चा हुई है, उस पर विपक्ष को मुंह की खानी पड़ी है और मुंहतोड़ जवाब मिला है, क्योंकि उनके पास कोई असली मुद्दा नहीं होता है।

जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष ने स्वयं चर्चा की मांग की थी और उसी के अनुरूप केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुवार दोपहर 2 बजे राज्यसभा में संबंधित विधेयक पेश कर उस पर चर्चा शुरू करने वाले है। इसके बावजूद विपक्ष ने फिर अपना रुख बदल लिया और कार्यवाही में बाधा डालने का प्रयास किया। नेता सदन ने विपक्ष के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि संसद के माध्यम से देश को यह संदेश जाना चाहिए कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, जबकि विपक्ष गैरजिम्मेदाराना व्यवहार कर रहा है।

गौरतलब है की संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार यह गतिरोध बना हुआ है गुरुवार को भी कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आने मांग की। विपक्ष का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे मसले पर सदन के समक्ष जानकारी रखें। दरअसल विपक्ष प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठी चार्ज पर सवाल कर रहा है। विपक्ष के सांसदों ने इस मुद्दे पर गुरुवार को भी सदन में हंगामा किया।

--आईएएनएस

जीसीबी/एसके