राजकोट में बदली भक्तिनगर रेलवे स्टेशन की तस्वीर, यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए 26.80 करोड़ रुपए खर्च

अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली भक्तिनगर स्टेशन की तस्वीर, विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए 26.80 करोड़ रुपए खर्च

राजकोट, 2 जून (आईएएनएस)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुजरात के राजकोट स्थित भक्तिनगर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास हो रहा है। लगभग 26.80 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए स्वरूप वाले स्टेशन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब यहां वातानुकूलित प्रतीक्षालय, वीआईपी रूम, आधुनिक शौचालय, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसके साथ ही स्टेशन भवन का पूर्ण आधुनिकीकरण तथा नया फुट ओवर ब्रिज यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को और मजबूत करेगा। इन सुविधाओं से खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष लाभ पहुंचेगा।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पूरे देश में एक हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस योजना के तहत जो कार्य हो रहे हैं, उसके आधार पर हम कह सकते हैं कि हमारे रेलवे स्टेशन अगले 40 से 50 साल तक तैयार रहेंगे।”

उन्होंने बताया कि राजकोट मंडल के 17 स्टेशनों पर कार्य चल रहा है। इनमें से कई स्टेशनों का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है, जबकि कुछ पर कार्य जारी है। इसी क्रम में भक्तिनगर स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन पर लगातार विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में और अधिक विस्तार होगा तथा यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

विनीत अभिषेक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य देश के रेलवे स्टेशनों को विश्व स्तर का रूप देना है। इस योजना के तहत स्टेशनों को न केवल सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, बल्कि यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और डिजिटल सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भक्तिनगर स्टेशन का नया रूप राजकोट के साथ-साथ पूरे गुजरात के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पुनर्विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगा। बेहतर सुविधाओं के कारण स्टेशन पर यात्री आवागमन बढ़ेगा, जो आसपास के व्यापार और पर्यटन को नई गति प्रदान करेगा। पश्चिम रेलवे लगातार यात्री केंद्रित विकास पर जोर दे रही है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि आधुनिक लिफ्ट, एस्केलेटर, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी निगरानी और हरित ऊर्जा का उपयोग जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भविष्य में और शामिल किए जाने की संभावना है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी