पंजाबियों को इंसाफ नहीं दिला सकते तो इस्तीफा दे सीएम भगवंत मान : गौरव भाटिया

पंजाबियों को इंसाफ नहीं दिला सकते तो इस्तीफा दे सीएम भगवंत मान : गौरव भाटिया

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गौरव भाटिया ने सोमवार को पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है और सीएम भगवंत मान अगर पंजाबियों को इंसाफ नहीं दिला सकते हैं तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

नई दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान भाटिया ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर ड्रग्स को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब की धरती से ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ का शुभारंभ किया है। यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। भाजपा ने 18 सितंबर से इस अभियान की शुरुआत की है और यात्रा के तहत करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की जानी है। यह यात्रा सुनिश्चित करेगी कि पंजाब की धरती से ‘सूर्य अस्त, भगवंत चिट्टा मस्त’ को उखाड़कर फेंका जाए।

संगरूर में जग्गा सिंह द्वारा नशीले पदार्थों के मुद्दे को उठाए जाने का जिक्र करते हुए भाटिया ने आरोप लगाया कि शिकायत पर नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय जग्गा सिंह को कथित तौर पर धमकाया और प्रताड़ित किया गया। जग्गा सिंह की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में नशे के कथित कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

उन्होंने पंजाब में नशे के मुद्दे को उठाने वाले गुलजार सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि गुलजार सिंह ने भी नशे की समस्या को लेकर आवाज उठाई थी और बाद में उन्होंने आत्महत्या कर ली। भाटिया ने कहा कि जग्गा सिंह ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाटिया ने कहा कि पंजाब के युवा नशा नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर चाहते हैं और उनकी पार्टी पंजाब के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए काम करेगी।

भाटिया ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से किए गए नशामुक्त पंजाब के वादे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आप ने सरकार बनने के एक महीने के भीतर पंजाब को नशामुक्त करने और छह महीने के भीतर नशे से प्रभावित लोगों के पुनर्वास एवं नशा मुक्ति की व्यवस्था करने का वादा किया था।

भाजपा नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि अगर सरकार पंजाब को नशामुक्त नहीं कर सकती और लोगों को न्याय नहीं दिला सकती, तो मुख्यमंत्री को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने जग्गा सिंह और गुलजार सिंह के मामलों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की भी मांग की। भाटिया ने कहा कि चाहे गुलजार सिंह का परिवार हो या जग्गा सिंह का, उन्हें न्याय दिलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।

भाटिया ने दिल्ली में सत्ता में रह चुकी और पंजाब में मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी नीतियों के कारण पंजाब में नशे की समस्या गंभीर हुई है। पंजाब के युवा अपने भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना चाहते हैं और रोजगार के अवसर चाहते हैं। भाजपा पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम