नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। हर खेल में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो उस खेल को अपने नाम से पहचान दिलाते हैं। भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में ऐसे ही खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद रहे। बतौर प्लेयर तो गोपीचंद ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, इसके साथ ही कोच के तौर पर भी देश को कई दमदार खिलाड़ी दिए।
पुलेला गोपीचंद का जन्म 16 नवंबर 1973 को आंध्र प्रदेश में हुआ। गोपीचंद अपने करियर की शुरुआत में क्रिकेटर बनना चाहते थे। हालांकि, उनके भाई ने पुलेला को बैडमिंटन खेलने के लिए कहा। इस खेल में बतौर खिलाड़ी गोपीचंद का करियर शानदार रहा। साल 2001 में वह ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतने वाले महज दूसरे खिलाड़ी बने। उन्होंने फाइनल में चीन के चेन होंग को शिकस्त देकर प्रकाश पादुकोण के बाद इस खिताब पर कब्जा जमाया।
गोपीचंद ने 1998 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 1996 से लेकर 2000 तक लगातार पांच बार नेशनल चैंपियनशिप टूर्नामेंट के खिताब पर कब्जा जमाया। हालांकि, गोपीचंद को अपने करियर के दौरान घुटने की चोट से कई बार जूझना पड़ा। लगातार होने वाली इंजरी के चलते उनका करियर उतना लंबा नहीं हो सका।
खिलाड़ी के बाद पुलेला गोपीचंद ने कोचिंग की दुनिया में उतरने का फैसला किया। साल 2008 में उन्होंने गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत की। इस अकादमी को खोलने और खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने के लिए गोपीचंद ने अपना घर तक गिरवी रख दिया था। घर को गिरवी रखकर गोपीचंद ने 3 करोड़ का लोन लिया था।
गोपीचंद की खिलाड़ियों के साथ की गई दिन-रात की मेहनत खूब रंग भी लाई। उनकी इस अकादमी से कई दिग्गज खिलाड़ी निकले, जिनमें साइना नेहवाल और पीवी सिंधु जैसी प्लेयर भी शामिल रहीं, जिन्होंने विश्वस्तर पर देश का नाम रोशन किया। पुलेला गोपीचंद अपने करियर में ओलंपिक मेडल नहीं जीत सके, लेकिन बतौर कोच उन्होंने साइना नेहवाल को साल 2012 के लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, 2016 में पीवी सिंधु द्वारा रियो ओलंपिक में जीते गए सिल्वर मेडल में भी गोपीचंद की भूमिका बेहद अहम रही। बैडमिंटन के खेल में बतौर खिलाड़ी और कोच अहम योगदान देने के लिए पुलेला को साल 1999 में अर्जुन पुरस्कार, 2005 में पद्म श्री, 2001 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार (अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार) और 2009 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम