प्रसार भारती में 20 मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव पदों पर भर्ती शुरू, जानें योग्यता और सैलरी

प्रसार भारती में 20 मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव पदों पर भर्ती शुरू, जानें योग्यता और सैलरी

नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छा मौका सामने आया है। प्रसार भारती ने देश भर में अलग-अलग जगहों पर सेल्स डिवीजन में 'मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव' को 2 वर्ष की अवधि के लिए फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर रखने के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके कुल 20 पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

प्रसार भारती ने अपने जिन-जिन स्टेशनों में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के कुल 20 पदों पर भर्ती की घोषणा की है, उनमें आकाशवाणी विजयवाड़ा में 1, आकाशवाणी रायपुर में 1, आकाशवाणी राजकोट में 1, आकाशवाणी रांची में 1, आकाशवाणी कोच्चि में 1, आकाशवाणी लेह में 1, आकाशवाणी नागपुर में 1, आकाशवाणी जालंधर में 1, आकाशवाणी लखनऊ में 1, आकाशवाणी वाराणसी में 1, डीडी देहरादून में 1, डीडी कोलकाता में 1, बिक्री प्रभाग बेंगलुरु में 2, डीडीके बेंगलुरु में 1, बिक्री प्रभाग मुंबई में 2, डीडीके मुंबई में 1, आकाशवाणी पणजी में 1 और आकाशवाणी तिरुचिरापल्ली में 1 पद शामिल हैं।

मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि संबंधित पद के लिए विज्ञापन प्रकाशन की तारीख से 15 दिनों के भीतर तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे प्रसार भारती की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट/यूनिवर्सिटी से एमबीए/एमबीए (मार्केटिंग)/पीजी डिप्लोमा (मैनेजमेंट/मार्केटिंग) में डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास डायरेक्ट सेल्स में कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है। वहीं, मीडिया सेल्स में अनुभव रखने वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, टेस्ट और/या इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,000 से 50,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम