भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाए गए प्रदीप भंडारी, पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाए गए प्रदीप भंडारी, पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी प्रमुख स्थान दिया गया है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है।

प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एक युवा के रूप में वह राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहते हैं और उन्हें खुशी है कि पार्टी ने उनके काम पर विश्वास जताया है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आगे लिखा कि मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उनके निरंतर मार्गदर्शन के लिए, राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी.एल. संतोष का मुझ पर विश्वास जताने के लिए, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी. नड्डा का मुझे पार्टी में शामिल करने के लिए तथा मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी का मुझे अवसर देने और लगातार मार्गदर्शन करने के लिए हृदय से आभारी हूं।

पार्टी में नियुक्तियां देश के अलग-अलग हिस्सों से की गई हैं और इनमें अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरे भी शामिल हैं।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा की ओर से जारी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब, विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी, सुनील बंसल और सतीश पूनिया सहित कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम