पीएम सूर्यघर योजना से विजय कुमार मिश्रा को मिली राहत, बिजली बिल हुआ न के बराबर

पीएम सूर्यघर योजना से विजय कुमार मिश्रा को मिली राहत, बिजली बिल हुआ न के बराबर

केन्दुझर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने से ओडिशा के लोगों को बिजली खर्च में राहत मिल रही है। योजना के अंतर्गत घरेलू छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए सरकार सब्सिडी दे रही है। ओडिशा के केन्दुझर निवासी विजय कुमार मिश्रा ने भी इस योजना का लाभ लेकर अपने घर में सोलर पैनल लगवाया है।

विजय कुमार मिश्रा ने दावा किया कि सोलर सिस्टम लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल अब न के बराबर रह गया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि सूर्य घर योजना के तहत उनके घर में सोलर सिस्टम लगाया गया है। इससे पहले उनके घर में बिजली का बिल काफी अधिक आता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। हालांकि सोलर पैनल लगवाने के बाद बिजली बिल में काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पहले हर महीने अधिक बिजली बिल आने की समस्या थी, लेकिन अब बिल लगभग न के बराबर रह गया है। इससे उनके घरेलू खर्च पर पड़ने वाला बोझ कम हुआ है।

लाभार्थी ने बताया कि पहले बिजली चली जाने पर उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बिजली नहीं रहने के कारण जरूरी काम करना मुश्किल हो जाता था और आपात स्थिति में भी काम प्रभावित होते थे। सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगवाने के बाद अब उन्हें कई काम करने में मदद मिल रही है। सोलर लगने से बिजली संबंधी परेशानियों में राहत मिली है और रोजमर्रा के कामकाज में सुविधा हुई है।

विजय कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सूर्यघर योजना से उन्हें काफी फायदा हुआ है। उन्होंने कामना की कि नरेंद्र मोदी अधिक से अधिक वर्षों तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहें।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी