जामनगर, 15 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं और छात्रों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की ट्रेनिंग देने की योजना को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
छात्रा काव्या प्रसाद ने ऑनलाइन शिक्षा को लेकर की गई घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने ऑनलाइन शिक्षा को लेकर जो बात की है, वह काफी अच्छी पहल है। इससे उन कई बच्चों को फायदा होगा जो गरीब हैं और दूरस्थ इलाकों में रहते हैं और आसानी से शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते। अब वे आसानी से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। एआई टेक्नोलॉजी का भी इसमें काफी फायदा होगा। बच्चों को कई नई चीजें सीखने को मिलेंगी। यह एक अच्छा कदम है। एआई के साथ-साथ क्लासरूम में पढ़ाई भी जरूरी है। कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जो हम एआई से नहीं समझ पाते, उनके लिए फिजिकल इंटरैक्शन बहुत जरूरी है।
काव्या ने आगे कहा कि हम प्रधानमंत्री जी को दिल से धन्यवाद कहना चाहेंगे। इस पहल से गरीब बच्चे जो शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। यह उनके लिए बहुत फायदेमंद रहेगा।
छात्र युवराज शर्मा ने कहा कि हमें एआई जैसी कई सुविधाएं मिली हैं, जिससे पढ़ाई के लिए काफी प्रेरणा मिल रही है। एआई के जरिए हमें एडवांस नॉलेज मिल रही है और यह बहुत अच्छी बात है। एआई हमें देश में क्या चल रहा है, उसकी एक्स्ट्रा जानकारी भी देता है। अगर कोई चीज अभी हो नहीं रही है, तो हम एआई में उसे फीड करके पूछ सकते हैं कि वो कैसे होगी। ये हमारे लिए एक बड़ा एडवांडेज है।
छात्र ने आगे कहा कि कई स्टूडेंट्स ट्रैवलिंग कॉस्ट अफोर्ड नहीं कर पाते या दूर रहते हैं, लेकिन पढ़ने की इच्छा रखते हैं। वो ऑनलाइन क्लास अटेंड करके पढ़ाई जारी रख सकते हैं। ये बहुत बड़ा फायदा है। प्रधानमंत्री जी ने जो नया नियम लागू किया है, वो बहुत अच्छा है। इससे हम सभी स्टूडेंट्स बहुत खुश हैं, क्योंकि पढ़ने के अवसर बढ़ रहे हैं। आजकल प्राइवेट स्कूल और ट्यूशन बहुत महंगे हो गए हैं। लेकिन, ऑनलाइन शिक्षा से गरीब बच्चे भी पढ़ पा रहे हैं।
अभिभावक जतिन महेंद्रभाई शाह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने शिक्षा को लेकर जो घोषणा की है कि ऑनलाइन टेक्नोलॉजी के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जाएगा, वो बहुत अच्छी पहल है। छोटे से छोटे गांव के वो बच्चे भी, जो आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जा सकते, अब घर बैठे पढ़ सकेंगे। आगामी 4-5 सालों में इसका सभी छात्रों को बहुत अच्छा लाभ दिखाई देगा। इससे बच्चों की प्रतिभा निखरेगी और भारत के भविष्य के लिए ये बहुत फायदेमंद रहेगा।
चंदन इंस्टीट्यूट के निलेश ध्रुव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन शिक्षा में एआई टेक्नोलॉजी के उपयोग को लेकर जो बात कही है, वो बिल्कुल सही है। ऑनलाइन शिक्षण उन बच्चों के लिए बहुत अच्छी बात है जिनके पास पैसे की सुविधा नहीं है, जो आर्थिक रूप से थोड़े कमजोर हैं। पढ़ाई में एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बहुत बढ़िया है। हम लोग फिजिकल ट्यूशन में भी स्मार्टबोर्ड के जरिए एआई टेक्नोलॉजी से टीचिंग करवा रहे हैं। प्रधानमंत्री की ऑनलाइन ट्यूशन की सोच अच्छी है। इससे सभी बच्चों को शिक्षा में ज्यादा फायदा होगा।
उन्होंने आगे कहा कि मेरी प्रधानमंत्री से विनती है कि शिक्षा का माध्यम थोड़ा महंगा हो गया है, अगर आप उसे कम करेंगे तो ऑनलाइन और फिजिकल दोनों के समन्वय से भारत का शिक्षा स्तर और आगे बढ़ पाएगा।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम