पहला टेस्ट, तीसरा दिन: साउथ अफ्रीका की दमदार वापसी, बांग्लादेश के खिलाफ बढ़त से सिर्फ 15 रन दूर

पहला टेस्ट, तीसरा दिन: साउथ अफ्रीका की दमदार वापसी, बांग्लादेश के खिलाफ बढ़त से सिर्फ 15 रन दूर

जोहान्सबर्ग, 17 नवंबर (आईएएनएस)। मार्कस एकरमैन (157) के बाद जुबैर हमजा (83), कप्तान टेंबा बावुमा (49) और रयान रिकेल्टन (नाबाद 56) की शानदार पारियों की मदद से साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार वापसी की है।

द वांडरर्स स्टेडियम में मेहमान टीम को 400 के स्कोर पर रोकने के बाद साउथ अफ्रीका ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 386 रन बना लिए हैं। यहां से मेजबान टीम बढ़त हासिल करने से महज 15 रन दूर है। बारिश ने तीसरे दिन के खेल को जल्द खत्म करने पर मजबूर किया।

जोहान्सबर्ग में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 22 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद तौहीद हिरदॉय ने तंजीद हसन तमीम के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रन जोड़कर पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 121 रन तक पहुंचाया। हालांकि, 35वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर बांग्लादेश को तंजीद (67) और मुशफिकुर रहीम (0) के विकेट गंवाने पड़े।

इसके बाद तौहीद हिरदॉय और लिटन दास ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 206 रन की शानदार साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हिरदॉय ने 1 छक्के और 14 चौकों की मदद से 137 रन बनाए, जबकि लिटन दास ने 15 बाउंड्री लगाते हुए 120 रन की पारी खेली। इन दोनों की शानदार पारियों के दम पर बांग्लादेश ने पहली पारी में 400 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम का अब तक का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है।

साउथ अफ्रीका की तरफ से कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 70 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। वहीं, डेन पैटरसन ने 92 रन खर्च करते हुए 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। एक विकेट मार्को जानसेन के हाथ लगा।

इसके जवाब में तीसरे दिन की समाप्ति तक साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 90 ओवरों का सामना करते हुए 7 विकेट खोकर 386 रन बनाए हैं। इस टीम ने महज 5 के स्कोर पर एडेन मार्करम (4) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद जुबैर हमजा ने मार्केस एकरमैन के साथ दूसरे विकेट के लिए 202 रन की साझेदारी की।

जुबैर 12 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद एकरमैन ने कप्तान टेंबा बावुमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 रन की पारी खेली। एकरमैन 164 गेंदों में 1 छक्के और 21 चौकों की मदद से 157 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बावुमा ने रयान रिकेल्टन के साथ पांचवें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 361 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कप्तान बावुमा (49) पैर में चोट लगने के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए। फिलहाल रिकेल्टन 6 चौकों के साथ 56 रन बनाकर नाबाद हैं। मेहमान टीम से हसन महमूद 4 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि तस्किन अहमद ने 2 विकेट निकाले हैं। एक विकेट मोमिनुल हक के हाथ लगा है।

दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का अगला मैच 23 नवंबर से सेंचुरियन में खेला जाना है, जिसके बाद तीन वनडे और इतने ही टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी।

--आईएएनएस

आरएसजी