एनटीपीसी लिमिटेड भर्ती: 135 डिप्टी मैनेजर पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

एनटीपीसी लिमिटेड भर्ती: 135 डिप्टी मैनेजर पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। एनटीपीसी लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, एनटीपीसी लिमिटेड ने डिप्टी मैनेजर के विभिन्न 135 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से डिप्टी मैनेजर पोस्ट के लिए जारी 135 रिक्तियों में डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के 40, डिप्टी मैनेजर (मैकेनिकल) के 55 और डिप्टी मैनेजर (कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंटेशन - सी एंड आई) के 40 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनटीपीसी लिमिटेड के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एनटीपीसी द्वारा निर्धारित इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंटेशन क्षेत्र में इंजीनियरिंग योग्यता होनी चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग के मानदंड, लिखित परीक्षा (यदि लागू हो), इंटरव्यू, दस्तावेजों की जांच और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 70,000 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि संबंधित पोस्ट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आयु सीमा, आदि से जुड़ी विस्तृत जानकारी का नोटिफिकेशन अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा, जिसके लिए उम्मीदवारों को टाइम-टू-टाइम ऑफिशियल पोर्टल चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी