नितिन नवीन के सपा प्रमुख पर दिए बयान का मंत्रियों ने किया समर्थन, कहा-पूरी दुनिया जानती है सच्चाई

नितिन नवीन के सपा प्रमुख पर दिए बयान का मंत्रियों ने किया समर्थन, कहा-पूरी दुनिया जानती है सच्चाई

लखनऊ, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिए बयान का योगी सरकार के मंत्रियों ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस सच्चाई को जानती है।

भाजपा अध्यक्ष ने एक इंटरव्यू में सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि माफियाओं के सहयोगी अखिलेश यादव अपनी वोट-बैंक की राजनीति के कारण आज भी ऐसे लोगों का सहारा लेते हैं।

योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि मैं नितिन नवीन के बयान से बिल्कुल सहमत हूं। माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी उनके साथ रहते थे और बड़े-बड़े माफिया उनके साथ घूमते थे। नितिन नवीन जो कह रहे हैं, बिल्कुल सही कह रहे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को रामलला के प्रस्तावित पारिवारिक दर्शन पर ओपी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में एक कहावत काफी मशहूर है कि अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले अयोध्या गए लेकिन रामलला के दर्शन नहीं किए, वाराणसी गए तो काशी विश्वनाथ के दर्शन नहीं किए और मथुरा में भी दर्शन नहीं किए। अब कम से कम भगवान ने सदबुद्धि दी है तो दर्शन करने जा रहे हैं। इसी सदबुद्धि के साथ मथुरा और काशी की तारीख भी बता दीजिए कि कब वहां जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर कहा कि देर आए, दुरुस्त आए। मैं तो बस यही कहूंगा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें। उन्हें सनातन संस्कृति को भी अपनाना चाहिए और अयोध्या में कारसेवकों पर जो गोलियां चलाई गई थीं, उसके लिए माफी भी मांगनी चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान का डिप्टी सीएम ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पूरा दुनिया जानती है कि अखिलेश यादव ही माफियाओं को पालते हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम