नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) में नौकरी करना हजारों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एनआईटी-दिल्ली ने प्रोजेक्ट अटेंडेंट सहित विभिन्न 10 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
एनआईटी-दिल्ली की ओर से जारी 10 रिक्तियों में सीनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट के 5, जूनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट के 4 और प्रोजेक्ट अटेंडेंट का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 20,160 से 42,600 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, संबंधित पदों पर चुने गए अभ्यर्थियों की पोस्टिंग दिल्ली/बरेली/बीकानेर में होगी।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से सीनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/सिविल में बीटेक, जूनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट के लिए इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/सिविल में डिप्लोमा या उसके बराबर या उससे ऊपर और प्रोजेक्ट अटेंडेंट के लिए 10वीं पास का सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार निर्धारित 1 से 5 वर्षों का अनुभव प्रासंगिक क्षेत्र में होना चाहिए।
वॉक-इन इंटरव्यू 11 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से 'सिविल इंजीनियरिंग विभाग, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली (एनआईटी-दिल्ली)' के पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईटी-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ ले जाएं।
बता दें कि एनआईटी-दिल्ली की ओर से इन पदों पर नियुक्ति 12 माह या प्रोजेक्ट पूरे होने तक इसे बढ़ाया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम