अमरावती, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। दरअसल, एनआईटी-आंध्र प्रदेश ने ऑफिस एसोसिएट के कुल 3 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एनआईटी-आंध्र प्रदेश में ऑफिस एसोसिएट के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 18,000 से 21,000 रुपये के बीच कुशल/अत्यधिक कुशल श्रेणी के लिए होगी।
वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से फर्स्ट क्लास बैचलर डिग्री और अंग्रेजी टाइपराइटिंग (लोअर) 35 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। वहीं, एकेडमिक से जुड़े दफ्तरों में काम करने का अनुभव और एमएस ऑफिस में महारत वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 'कमरा नंबर 411, चौथी मंजिल, सरदार वल्लभभाई पटेल प्रशासनिक विस्टा, एनआईटी आंध्र प्रदेश' पते पर आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल एवं फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईटी-आंध्र प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से वॉक-इन इंटरव्यू के दिन केंद्र पर अपने साथ ले जाएं।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि यह नियुक्ति एक थर्ड-पार्टी आउटसोर्सिंग एजेंसी के जरिए 6 महीने के लिए है, जिसे कर्मचारी के परफॉर्मेंस और सक्षम अधिकारी की मर्जी के आधार पर हर 6 महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीके/एएस