नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव की विदाई मुलाकात

Balen Shah And Indian Ambassador Srivastava meeting

काठमांडू, 29 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मंगलवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र 'बालेन' शाह से विदाई मुलाकात की। श्रीवास्तव अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद भारत लौट रहे हैं।

श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री कार्यालय एवं मंत्रिपरिषद के सचिवालय में सुबह प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात की। बालेन शाह ने श्रीवास्तव को उपहार स्वरूप महात्मा बुद्ध की मूर्ति भेंट की। दोनों के बीच यह दूसरी बैठक थी। इससे पहले 10 अगस्त को उनकी मुलाकात हुई थी। नेपाल के विभिन्न मीडिया आउटलेट्स ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया।

न्यूज एजेंसी आरएसएस नेपाल के अनुसार, बैठक के दौरान, शाह ने श्रीवास्तव को उनका कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और नेपाल-भारत संबंधों को और गहरा और विविध बनाने में उनकी भूमिका के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

शाह ने नेपाल में हाल ही में आई आपदाओं (जिनमें रसुवा में आई बाढ़ भी शामिल है) के दौरान भारत से मिले सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

नेपाल न्यूज डॉट कॉम के अनुसार, प्रधानमंत्री बनने के बाद शाह ने नेपाल में तैनात विदेशी राजदूतों के साथ मुलाकात को लेकर अलग तरीका अपनाया था। उन्होंने कहा था कि वह राजदूतों से अलग-अलग मुलाकात नहीं करेंगे और इसके बजाय सामूहिक बैठकें करेंगे। इन बैठकों में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को शामिल करने की उनकी व्यवस्था भी चर्चा में रही थी।

हालांकि, यह व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं चली, और बाद में शाह ने भारतीय राजदूत श्रीवास्तव के साथ व्यक्तिगत मुलाकात की। मंगलवार को हुई बैठक उनके साथ शाह की दूसरी व्यक्तिगत मुलाकात थी और यह श्रीवास्तव के कार्यकाल पूरा होने के कारण विदाई बैठक के तौर पर हुई।

श्रीवास्तव ने 2022 में नेपाल में भारत के राजदूतके रूप में कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान भारत और नेपाल के बीच राजनीतिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।

--आईएएनएस

केआर/