नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में राहत अभियान के तहत भारतीय वायुसेना का एक और सी-130जे विमान शुक्रवार शाम राहत सामग्री लेकर रवाना होगा। यह नेपाल भेजा जाने वाला वायुसेना का तीसरा राहत विमान होगा।इससे पहले 26 अगस्त को सी-130जे विमान 10 टन राहत सामग्री लेकर हिंडन से नेपाल गया था। इसके बाद 27 अगस्त को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 37.5 टन राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा था।
अब तीसरे विमान के जरिए भी नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों के लिए जरूरी राहत सामग्री भेजी जा रही है। भारतीय वायुसेना नेपाल में जारी राहत एवं बचाव प्रयासों में लगातार सहयोग कर रही है। नेपाल में विनाशकारी व अचानक आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इस बीच भारत ने नेपाल की मदद के लिए हवाई अभियान तेज कर दिया है। भारतीय वायुसेना यहां लगातार राहत सामग्री और चिकित्सा सामान नेपाल पहुंचा रही है।
भारतीय वायुसेना ने गुरुवार वायुसेना के एक और ‘सी-17 परिवहन विमान’ ने नेपाल की सहायता के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान में प्रभावित इलाकों के लिए कुल 37.5 टन राहत सामग्री भेजी गई है। नेपाल की मदद के लिए भेजी जा रही सामग्री में जरूरी दवाइयां और खाद्य सामग्री भी शामिल है। इससे पहले भारतीय वायुसेना ने सी-130जे विमान के जरिए नेपाल में 10 टन जरूरी राहत सामग्री और चिकित्सा सामान भेजा था। यह सामग्री बाढ़ प्रभावित लोगों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए भेजी गई है।
भारतीय वायुसेना ने बताया कि सी-17 और सी-130 जैसे विमानों के जरिए राहत सामग्री की अतिरिक्त खेप भी नेपाल भेजी जा रही है। इसके साथ ही हेलीकॉप्टरों को भी तैयार रखा गया है। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल बचाव और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा। गौरतलब है कि नेपाल में आई अचानक बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। ऐसे समय में भारत ने राहत प्रयासों को तेजी दी है। इसके बाद से भारतीय वायुसेना ने जमीन से लेकर आसमान तक तेजी और सटीकता के साथ राहत अभियान चलाया है।
इस अभियान का उद्देश्य जरूरत के समय नेपाल तक जरूरी मदद पहुंचाना है।दरअसल भारत ने एक बार फिर पड़ोसी देश के साथ खड़े होकर संकट की घड़ी में मदद का संदेश दिया है। भारतीय वायुसेना का यह अभियान इसी भावना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएस