कोलकाता, 11 सितंबर (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) ने संविदा के आधार पर विभिन्न विशेषज्ञता के अनुसार युवा पेशेवर (यंग प्रोफेशनल) के कुल 36 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एनटीएच की ओर से यंग प्रोफेशनल पोस्ट के लिए जारी 36 रिक्तियों में सीनियर यंग प्रोफेशनल के 14 और जूनियर यंग प्रोफेशनल के 22 पद शामिल हैं। विशेषज्ञता के आधार पर सीनियर यंग प्रोफेशनल के 14 पदों में आरपीपीटी का 1, माइक्रोबायोलॉजी के 2, इलेक्ट्रिकल के 2, सिविल का 1 और मैनेजमेंट के 8 पद शामिल हैं। वहीं, जूनियर यंग प्रोफेशनल के 22 पदों में केमिकल के 2, मैकेनिकल के 4, सिविल के 3, इलेक्ट्रिकल के 3, माइक्रोबायोलॉजी के 2, आरपीपीटी के 3, आईटी के 3 और एयरोस्पेस के 2 पद शामिल हैं।
यंग प्रोफेशनल के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि संबंधित रिक्तियों के लिए विज्ञापन के प्रकाशित होने की तारीख से 15 दिन तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपना रिज्यूमे, योग्यता और अनुभव के दस्तावेज स्कैन कर एक ही पीडीएफ फॉर्मेट में अधिसचना में दिए गए ईमेल आईडी पर मेल कर दें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विशेषज्ञता के अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास सीनियर यंग प्रोफेशनल पदों के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव और जूनियर यंग प्रोफेशनल के लिए एक वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु जूनियर यंग प्रोफेशनल के लिए 35 वर्ष और सीनियर यंग प्रोफेशनल के लिए 38 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी जूनियर यंग प्रोफेशनल पद के लिए 40,000 रुपए और सीनियर यंग प्रोफेशनल पद के लिए 70,000 रुपए प्रति माह तय की गई है। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एनटीएच की ओर से यह नियुक्ति शुरू में 1 वर्ष के लिए होगी, जिसे उम्मीदवारों के संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 4 वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी