नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। यदि आपका पाचनतंत्र सही तरीके से काम नहीं कर रहा और तमाम कोशिशों के बावजूद भी आपको आराम नहीं मिल रहा है तो आपको मिलेट खाना शुरू कर देना चाहिए। इससे आपका पाचनतंत्र मजबूत बनेगा और कब्ज की समस्या भी दूर होगी। क्योंकि, मिलेट में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज की समस्या को कम करता है।
मिलेट, जिसे हिंदी में बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो, सांवा आदि के नाम से जाना जाता है, छोटे-छोटे दाने वाला अनाज है जो पोषण से भरपूर होता है। इसे सुपरफूड भी कहा जाता है। चलिए मिलेट के फायदे के बारे में विस्तार से जानते हैं। मिलेट खाने से जहां आपका पाचनतंत्र मजबूत होता है, वहीं इसका नियमित सेवन करने से यह आपके ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है और दिल की बीमारियों का खतरा कम करता है। इसमें भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम और पोटैशियम पाया जाता है।
मिलेट मधुमेह रोगियों के लिए भी काफी फायदेमंद है। इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर धीरे-धीरे बढ़ता है। यह मधुमेह रोगियों के लिए एक तरह से वरदान ही है। विशेषज्ञ बताते हैं कि इन्हें खाने से वजन भी नियंत्रित रहता है। कई शोध हुए हैं, जिसमें बताया गया कि इसमें फाइबर और प्रोटीन की मात्रा काफी अधिक होती है, जिससे लंबे समय तक आपको भूख नहीं लगती है। इससे वजन नियंत्रित रखने में लाभ होता है। इसके अलावा, यह शरीर की हड्डियों को मजबूत करने में भी कारगर साबित होता है। मिलेट खाने से दांत भी मजबूत होते हैं।
मिलेट खाने से पहले इन बातों पर भी गौर करना चाहिए। जैसे कि मिलेट का अधिक सेवन करने से बचना चाहिए। कुछ मिलेट (जैसे बाजरा) में गोइट्रोजेनिक तत्व हो सकते हैं, जो ज्यादा मात्रा में खाने से समस्या पैदा कर सकते हैं। कुछ लोगों को पाचन में भारीपन महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को मिलेट से एलर्जी हो सकती है।
हालांकि, यह बहुत कम देखने को मिलता है। अगर आप मिलेट खाना शुरू करना चाहते हैं, तो आप इसे रोटी, खिचड़ी, दलिया, उपमा, डोसा, इडली, या सलाद के रूप में ले सकते हैं। मिलेट खाने से पहले एक बार अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
--आईएएनएस
डीकेएम/केआर