दीपावली की खरीदारी : झांसी के बाजारों में रौनक के बावजूद बजट देखकर सामान खरीद रहे लोग

दीपावली की खरीदारी : झांसी के बाजारों में रौनक के बावजूद बजट देखकर सामान खरीद रहे लोग

लखनऊ, 4 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी में दीपावली का त्योहार नजदीक आने के साथ बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शहर के बाजारों में मिठाइयों, कपड़ों, सजावटी सामान, मिट्टी के दीपकों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं। हालांकि, इस बार त्योहार की तैयारियों पर महंगाई का असर भी दिखाई दे रहा है। लोग बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंच तो रहे हैं लेकिन बढ़ी कीमतों के कारण अपने बजट के अनुसार ही सामान खरीद रहे हैं।

दीपावली पर हर परिवार नए कपड़े खरीदने, मिठाइयां बाटने और घर को सजाने की तैयारी करता है लेकिन इस बार महंगे सामान ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राहकों का कहना है कि त्योहार साल में एक बार आता है और हर कोई इसे उत्साह के साथ मनाना चाहता है लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण पहले की तरह खुलकर खरीदारी करना मुश्किल हो रहा है। कई लोग अपनी जरूरत के अनुसार सामान खरीदकर ही त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

बाजार में मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही दिखाई दे रही है। वहीं, कपड़े और सजावटी सामान खरीदने पहुंचे लोग कीमतों की जानकारी लेने के बाद अपने बजट के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि थोक बाजार से सामान महंगा मिलने के कारण उन्हें भी बढ़ी लागत के हिसाब से बिक्री करनी पड़ रही है। ग्राहक पुराने दामों पर सामान खरीदना चाहते हैं जबकि दुकानदारों के सामने भी बढ़ी हुई खरीद लागत की चुनौती है।

दीपावली को लेकर शहर में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, मिट्टी के दीपकों, मोमबत्तियों, रंगोली और इलेक्ट्रॉनिक झालरों की दुकानें भी सजाई गई हैं। प्रतिमा विक्रेता और अन्य छोटे व्यापारी ग्राहकों की अच्छी संख्या और बिक्री बढ़ने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

स्थानीय ग्राहकों के मुताबिक, महंगाई के कारण इस बार त्योहार का बजट प्रभावित हुआ है। लोग जरूरी सामान को प्राथमिकता दे रहे हैं और गैर जरूरी खरीदारी से बच रहे हैं। वहीं, व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली के करीब आने के साथ बाजार में खरीदारी और कारोबार दोनों में तेजी आएगी।

झांसी के बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई दे रही है। ऐसे में आम लोग सीमित बजट में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

--आईएएनएस

डीके/पीएम