कोलकाता, 28 मई (आईएएनएस)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) ने भारत के पूर्व ऑलराउंडर लक्ष्मी रतन शुक्ला को आगामी घरेलू सत्र (2026-27) के लिए बंगाल की सीनियर पुरुष टीम का हेड कोच बनाए रखने का फैसला किया है। महाराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज सुरेंद्र भावे सहायक कोच होंगे।
कैब ने 24 अप्रैल को कोचिंग के कई पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि हेड कोच के रूप में शायद शुक्ला का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। शुक्ला को हटाए जाने की संभावना के पीछे रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल का परिणाम भी था जिसमें बंगाल टीम को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
गुरुवार को एक स्वतंत्र स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैब ने शुक्ला के हेड कोच पद पर बने रहने की पुष्टि कर दी। इस स्क्रीनिंग पैनल में अरुण लाल, देवांग गांधी और कल्याण चौधरी शामिल थे।
कैब द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, "यह मूल्यांकन पूरी तरह से स्वतंत्र रूप और विस्तृत इंटरव्यू के जरिए किया गया। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना था कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, योग्यता-आधारित और बिना किसी भेदभाव के हो।"
शुक्ला, जो 2022 से बंगाल की सीनियर पुरुष टीम के प्रभारी हैं, ने 2022-23 में बंगाल को रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचाया और दो बार सेमीफाइनल में भी जगह दिलाई।
सुरेंद्र भावे की नियुक्ति बंगाल टीम के लिए अहम हो सकती है। 97 प्रथम श्रेणी मैचों में 58.18 की औसत से 7,971 रन बना चुके भावे टीम के लिए बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर काम करेंगे। भावे उस चयन समिति का हिस्सा रहे हैं जिसने 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का चयन किया था। उनके पास कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र, पंजाब और ओडिशा की टीमों को कोचिंग दे चुके हैं।
2026-27 की रणजी ट्रॉफी के लिए बंगाल को झारखंड, महाराष्ट्र, सर्विसेज, गुजरात, केरल, दिल्ली और ओडिशा के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए बंगाल को ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें मौजूदा चैंपियन झारखंड, राजस्थान, बड़ौदा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, कर्नाटक और मिजोरम की टीमें शामिल हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बंगाल ग्रुप डी में है, जिसमें कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, त्रिपुरा, ओडिशा, असम और पुडुचेरी की टीमें हैं।
बंगाल क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी कोचिंग करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्हें बंगाल पुरुषों अंडर-19 टीम का कोच बनाया गया है। दत्तात्रेय मुखर्जी सहायक कोच होंगे। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा बंगाल पुरुष अंडर-23 टीम के मुख्य कोच के तौर पर काम जारी रखेंगे। सबीर अली सहायक कोच होंगे।
अनुस्तुप मजूमदार को बंगाल पुरुष अंडर-16 टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। उनके सहायक कोच के रूप में गौतम शोम (जूनियर) की नियुक्ति हुई है। मजूमदार ने बंगाल के लिए 103 प्रथम श्रेणी मैच खेले और 41.40 की औसत से 5,962 रन बनाए।
--आईएएनएस
पीएके