मैड्रिड, 16 मई (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड के कोच अल्वारो अर्बेलोआ को ला लीगा सीजन के आखिरी मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस के सामने मुश्किल सवालों का सामना करना पड़ा। उन्हें स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे के साथ अपने संबंधों को लेकर कुछ असहज करने वाले सवालों के जवाब देने पड़े।
रियल मैड्रिड के कोच अल्वारो अर्बेलोआ और टीम के स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे के संबंधों में हाल के दिनों में खटास आई है। यह रिश्ता गुरुवार रात तब और बिगड़ गया, जब ओविएडो पर 2-0 की जीत के बाद एम्बाप्पे ने प्रेस से कहा कि वह अर्बेलोआ के चौथे विकल्प वाले फॉरवर्ड हैं।
हालांकि कोच ने इस बात से इनकार करते हुए एम्बाप्पे की हालिया फिटनेस समस्याओं का हवाला दिया और इसे ही उन्हें सब्स्टीट्यूट के तौर पर इस्तेमाल किए जाने की बड़ी वजह बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अल्वारो अर्बेलोआ ने कहा कि मैं अभी-अभी यहां आ रहा था, और मैंने उसे देखा। मैंने उससे कहा कि वह शांत रहे।
उन्होंने आगे कहा, "उसने जो कुछ भी कहा था, उस पर हम पहले ही चर्चा कर चुके थे, इसलिए मैं इसे सहजता से लेता हूं, क्योंकि मैं समझता हूं कि जब खिलाड़ी खेल नहीं रहे होते हैं, तो उन्हें कैसा महसूस होता है। किलियन उस दिन खुश नहीं था, और पिछले कुछ दिनों में जो कुछ भी हुआ है, उसे मैं पूरी तरह से सामान्य मानता हूं। एम्बाप्पे के साथ मेरे संबंध वैसे ही बने हुए हैं।"
एक रिपोर्ट के मुताबिक अगले सीजन में रियल मैड्रिड में जोस मोरिन्हो की वापसी हो सकती है।
इस बारे में अल्वारो अर्बेलोआ ने कहा, "मेरे लिए, एक खिलाड़ी और रियल मैड्रिड के फैन के तौर पर, मोरिन्हो नंबर एक हैं। एक महीने पहले भी मैं यही सोचता था, और आज भी यही सोचता हूं। वह हमारे अपने हैं, और हमेशा हमारे अपने ही रहेंगे। अगर अगले सीजन में वह यहां आते हैं, तो उन्हें अपने घर वापस देखकर मुझे बहुत खुशी होगी।"
शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एडेर मिलिटाओ, फेडेरिको वाल्वरडे, फेरलैंड मेंडी और अर्दा गुलेर सहित चोटिल खिलाड़ियों की लंबी सूची के अलावा, एम्बाप्पे के साथ उनके खराब संबंधों ने भी सुर्खियां बटोरी हैं।
--आईएएनएस
पीएके