खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026: मांडविया और तेलंगाना के सीएम ने लोगो और शुभंकर का अनावरण किया

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026: मांडविया और तेलंगाना के सीएम ने लोगो और शुभंकर का अनावरण किया

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) के 8वें संस्करण के लिए लोगो और मैस्कॉट का अनावरण किया। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में किया जाएगा।

इस अवसर पर मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और देश के विकास के व्यापक दृष्टिकोण में खेलों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। 'खेलो इंडिया' पहल के तहत खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बीच गेम्स, विंटर गेम्स और ट्राइबल गेम्स जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि युवा पीढ़ी को खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।"

केंद्रीय खेल मंत्री और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने तेलंगाना में 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. मांडविया ने कहा कि केंद्र सरकार, तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर, युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करने का काम करेगी, ताकि देश में एक मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण हो सके। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' जैसे आयोजन 'विकसित भारत' के लिए प्रधानमंत्री के 'नशा मुक्त युवा' के विजन को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। साथ ही, ये युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन और अन्य सामाजिक चुनौतियों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

इन खेलों के लिए लगभग 8,000 एथलीट और प्रतिभागी तेलंगाना में जुटेंगे। ये खेल 11 से 22 दिसंबर तक छह शहरों (हैदराबाद, खम्मम, करीमनगर, हनुमाकोंडा, महबूबनगर और निजामाबाद) में आयोजित किए जाएंगे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तेलंगाना संस्करण में 29 खेल विधाएं शामिल होंगी, जिनमें 27 प्रतिस्पर्धी खेल और दो प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) इवेंट शामिल हैं।

प्रतिस्पर्धी खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, फेंसिंग (तलवारबाजी), फुटबॉल, गतका, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलारीपयट्टू, खो-खो, मल्लखंब, रोइंग, शूटिंग, तैराकी, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-टा, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग), कुश्ती और योगासन शामिल हैं। सेलिंग (नौकायन) और कर्रा सामु को प्रदर्शन खेलों के रूप में शामिल किया जाएगा।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पहली बार सॉफ्टबॉल को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल किया जा रहा है। सेलिंग और कर्रा सामु भी इन खेलों में प्रदर्शन खेलों के तौर पर अपनी शुरुआत करेंगे।

इस लॉन्च इवेंट में तेलंगाना के खेल और युवा मामलों के मंत्री वकिति श्रीहरी; सिंचाई और सीएडी (सीएडी) मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी; खेल मामलों में सरकार के सलाहकार और तेलंगाना ओलंपिक संघ के अध्यक्ष श्री ए.पी. जितेंद्र रेड्डी; तथा तेलंगाना सरकार के मुख्य सचिव श्री संजय जाजू शामिल हुए।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक और खेल विभाग के सचिव श्री हरि रंजन राव के साथ-साथ केंद्र और तेलंगाना राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का लोगो आठ प्रमुख तत्वों के माध्यम से तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल संबंधी आकांक्षाओं को एक साथ लाता है।

खेलो इंडिया के प्रतीक चिह्न में केसरिया और हरे रंग की दौड़ती हुई आकृति है, जो इस राष्ट्रीय कार्यक्रम, युवाओं और गतिशीलता को दर्शाती है। बापू घाट पर प्रस्तावित 'गांधी सरोवर' का हिस्सा, 'गांधी टॉवर' शांति, एकता और भविष्य के लिए हैदराबाद के विजन का प्रतीक है। वहीं, 'काकतीय कला तोरणम' राज्य की समृद्ध विरासत और स्वागत की भावना को दर्शाता है।

हुसैन सागर स्थित बुद्ध की प्रतिमा सद्भाव, अनुशासन और शांति का प्रतीक है, जबकि 'तंगेदु' का फूल तेलंगाना की सांस्कृतिक पहचान और 'बथुकम्मा' की भावना को दर्शाता है। सात खेल-संबंधी आकृतियां, विरासत को दर्शाने वाली रूपरेखा के साथ मिलकर एक 'खेल-क्षितिज' (स्पोर्टिंग स्काईलाइन) बनाती हैं। वहीं, इसके चारों ओर मौजूद नीला, हरा और पीला रिबन गति, ऊर्जा और समावेशिता का प्रतीक है।

इसकी टैगलाइन 'खेल का जुनून, तेलंगाना की जान और पहचान', खेल के प्रति उस जज्बे को दर्शाती है जो तेलंगाना की पहचान का एक अहम हिस्सा है। इसका शुभंकर (मैस्कॉट), 'नीलमणि', ऊर्जा, फुर्ती और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जो युवाओं और खेल भावना की मिसाल है। यह अपनी सांस्कृतिक जड़ों पर गर्व करने के साथ-साथ एक मजबूत, स्वस्थ और एकजुट भारत के विजन को भी दर्शाता है।

इसकी आकृति ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जबकि इसकी आंखें फोकस, बुद्धिमत्ता और जोश को दर्शाती हैं। इसकी चोंच दृढ़ संकल्प और नेतृत्व का प्रतीक है, और इसके नीले व फिरोजी रंग के पंख जीवंतता, आजादी और आत्मविश्वास का संदेश देते हैं।

'नीलमणि' में चार प्रमुख गुण हैं: जीवंतता, साहस, फुर्ती और गर्व। ये गुण 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' के मूल्यों और आकांक्षाओं को दर्शाते हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी/वीसी