नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और योग गुरु बाबा रामदेव ने उनको बधाई दी है।
भाजपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया, "मजबूत इरादे, निर्णायक नेतृत्व और देश की सुरक्षा, यही अमित शाह की पहचान है। दृढ़ निश्चय और ऐतिहासिक फैसलों से देश का भविष्य बदलने वाले देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं। धारा 370 की समाप्ति से लेकर सीएए के क्रियान्वयन, नए आपराधिक कानूनों में ऐतिहासिक बदलाव और नक्सलवाद पर कड़े प्रहार तक, आपके हर कदम ने नए भारत के निर्माण की इबारत लिखी है।"
केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक गृह मंत्री के रूप में सेवाएं देने वाले कुशल रणनीतिकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह को जन्मदिवस की असीम शुभकामनाएं। राष्ट्रसेवा के प्रति आपका समर्पण, दृढ़ संकल्प और कुशल रणनीतिक नेतृत्व प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम ऊर्जा प्रदान करें, ताकि आप निरंतर राष्ट्रसेवा में अपना योगदान देते रहें।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता तथा सहकारिता के माध्यम से जनकल्याण के प्रयास राष्ट्रहित के लिए हम सभी को प्रेरित करते हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु एवं सदैव स्वस्थ हों, जीवन में राष्ट्रसेवा के नए संकल्प निरंतर जुड़ते रहें और उन्हें पूरा करें।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पोस्ट में लिखा, "अनुशासन और कर्मठता के प्रतीक, नक्सलमुक्त भारत के शिल्पकार एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुयशपूर्ण जीवन प्रदान करें तथा आपके नेतृत्व में राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।"
योग गुरु बाबा रामदेव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "लोकतंत्र, संविधान, सनातन धर्म के विग्रहवान स्वरूप देश के गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं! आपके नेतृत्व में भारत विश्व का नेतृत्व करने में समर्थ बने, रामराज्य, रामत्व, कृष्णत्व व सनातन धर्म की प्रतिष्ठा जन-जन और विश्व भर में फैले। हम उनकी लंबी आयु के लिए प्रार्थना करते हैं।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम