नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का पहला चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) विजयंता आर्या ने लोगों से अपने वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) वैध रखने और आवश्यकता के अनुसार सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।
एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) विजयंता आर्या ने बताया कि दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का पहला चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस जाम को कम करने के लिए जरूरी तैनाती करेगी। हम जनता और यात्रियों से अपील करते हैं कि वे अपने वाहनों के 'पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट' (पीयूसीसी) को वैध रखें। पुरानी हो चुकी गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और इसे और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो कमर्शियल गाड़ियां दिल्ली के लिए नहीं हैं, उन्हें बॉर्डर से ही दूसरी तरफ मोड़ दिया जाएगा। साथ ही साथ खुले में निर्माण कार्य और निर्माण/तोड़-फोड़ से निकले कचरे को ले जाने वाली गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की जाएगी। हम आपके माध्यम से जनता से अपील करना चाहते हैं कि वे ज़्यादा से ज़्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, ताकि हम सब मिलकर दिल्ली के पर्यावरण को बेहतर बना सकें। इसके साथ ही लोगों को ट्रैफिक नियमों का भी पालन करना चाहिए, ताकि उन्हें कम से कम परेशानी हो और वे अपनी मंजिल तक जल्दी और आराम से पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे ट्रैफिक की समस्या आती है, जैसे-जैसे हमको लगता है कि जाम की स्थिति हो सकती है, हम उसके लिए उचित प्रबंध करेंगे। अगर हमको लगता है कि ट्रैफिक धीमे चल रहा है, तो हम उसको सही करेंगे। पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट पर कार्रवाई तेज की जाएगी, जिससे दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के नियमों का पालन कराया जा सके। इसीलिए हम लोगों को अपील करते हैं कि नियमों का पालन करें।
विजयंता आर्या ने बताया कि हम लोगों से आग्रह करते हैं कि लोग अपने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट को सही रखें और समय-समय पर इसको चेक कराते रहें, जिससे परेशानी न हो। इसके साथ ही आवश्यकता होने पर ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें जिससे एक दूसरे को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में ग्रेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहला चरण में कुछ तरीके की गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। उनको हम सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं देते हैं। जैसा ही मैंने पहले भी बताया था कि जो वाहन पुराने हो चुकी है उस पर रोक लगाई गई है और यह जारी रहेगी। अगर वह सड़क पर दिखाई देती है तो उसको हम दूसरी तरफ भेज सकते हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम