जोश टंग का अनोखा 'अर्धशतक', मिचेल स्टार्क को पछाड़ा

जोश टंग का अनोखा 'अर्धशतक', मिचेल स्टार्क को पछाड़ा

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच बुधवार से हेंडिग्ले में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हुआ। इंग्लैंड ने पहले दिन ही पाकिस्तान की पहली पारी 171 पर समेट दी। इंग्लैंड की तरफ से तेज गेंदबाजों ओली रॉबिनसन और जोश टंग ने 5-5 विकेट लिए।

जोश टंग ने 5 विकेट लेने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम हासिल की। टंग ने पाकिस्तान की पारी के दौरान 9.1 ओवर में 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इस दौरान टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। टंग ने 10 टेस्ट मैचों में 50 विकेट हासिल किए हैं। वह इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके पीछे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क (48 विकेट) और भारत के मोहम्मद सिराज (41 विकेट) हैं।

टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एक पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि 3 बार हासिल कर चुके हैं। एक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में 50 या उससे अधिक विकेट लेने वाले टंग इंग्लैंड के छठे गेंदबाज बन गए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने का इंग्लैंड का रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम है। उन्होंने 2019-21 चक्र में 17 मैच खेलकर 69 विकेट लिए थे। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में कई मैच बाकी हैं, ऐसे में टंग ब्रॉड के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर नाथन लियोन के नाम है। लियोन ने 2021-23 में ऑस्ट्रेलिया के लिए 20 मैच में 88 विकेट लिए थे।

28 साल के टंग ने 13 टेस्ट मैचों की 25 पारियों 62 विकेट लिए हैं। इस दौरान 4 बार एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के संन्यास के बाद टंग को टेस्ट क्रिकेट में बतौर तेज गेंदबाज इंग्लैंड का अहम हथियार माना जाता है।

--आईएएनएस

पीएके