श्रीनगर, 17 अगस्त (आईएएनएस)। जो लोग सरकारी नौकरियों की तैयारी करने के साथ-साथ वैकेंसी निकलने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, जम्मू और कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) ने जम्मू-कश्मीर के उच्च शिक्षा विभाग में अलग-अलग विषयों के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों (बैकलॉग रिक्तियों) के 70 पदों को भरने के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के रहने वाले लोगों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके मांगे हैं।
जेकेपीएससी की ओर से विषय के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर के जिन 70 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें अंग्रेजी साहित्य के 1, गणित के 1, रसायन विज्ञान के 2, समाजशास्त्र के 1, राजनीति विज्ञान के 23, भू-विज्ञान के 1, फारसी के 1, अरबी के 1, पंजाबी के 6, मानव-विज्ञान के 3, क्लिनिकल बायो-केमिस्ट्री के 1, पोषण के 1, जल प्रबंधन के 2, कश्मीरी के 3, कृषि तकनीक के 3, फंक्शनल इंग्लिश के 2, औद्योगिक रसायन विज्ञान के 1, इस्लामिक अध्ययन के 1, संगीत और वाद्ययंत्र के 2, सूचना तकनीक के 2, बागवानी तकनीक के 1, संगीत के 2, सांख्यिकी के 7 और पशु चिकित्सा तकनीक के 3 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे जेकेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए त्रुटि सुधार विंडो 1 से 3 सितंबर के बीच सक्रिय रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार 55 प्रतिशत मार्क्स के साथ मास्टर्स डिग्री/पीएचडी आदि होना चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 15,600 से 39,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को 6,000 रुपए (एकेडमिक ग्रेड पे) एजीपी (संशोधन से पहले)/57,000 रुपए लेवल-10 के तहत दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य श्रेणी के लिए 1,200 रुपए और आरक्षित श्रेणियां के लिए 700 रुपए तय किया गया है। वहीं, पीएचसी उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए जेकेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी