नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों यानी आईआईटी में दाखिले के लिए आयोजित की गई जेईई (एडवांस्ड) 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष 17 मई को आयोजित परीक्षा में दोनों पेपरों में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 56,880 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। सफल अभ्यर्थियों में 10,107 छात्राएं शामिल हैं।
इस परीक्षा में दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में पहला स्थान हासिल किया। कॉमन रैंक लिस्ट के शीर्ष 10 में दिल्ली जोन का दबदबा देखने को मिला। शुभम कुमार पहले, कबीर छिल्लर दूसरे और जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे। चौथे स्थान पर मद्रास जोन के मोहित शेखर शुक्ला और पांचवें स्थान पर कुची संदीप रहे। छठी रैंक बी. जयकृष्णा श्रीनिवास, सातवीं अर्नव गौतम, आठवीं कनिष्क जैन, नौवीं मेडिसेट्टी नागा सहर्षा और दसवीं रैंक दर्श सिक्का ने हासिल की।
वहीं, दिल्ली जोन की ही आरोही देशपांडे 280 अंक के साथ देश की शीर्ष महिला अभ्यर्थी बनीं हैं। उन्होंने सीआरएल में 77वीं रैंक प्राप्त की।
इस साल कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें 1,44,276 पुरुष, 43,112 महिला तथा एक थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल था। परीक्षा में 1,39,131 पुरुष और 40,562 महिला उम्मीदवार उपस्थित हुए। सफल उम्मीदवारों में 46,773 पुरुष और 10,107 महिलाएं शामिल हैं।
विभिन्न श्रेणियों में भी अलग-अलग टॉपर सामने आए। ईडब्ल्यूएस श्रेणी में बी. जयकृष्णा श्रीनिवास, ओबीसी-एनसीएल में जतिन चाहर, एससी श्रेणी में कोविद बूब और एसटी श्रेणी में जतिन कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। पीडब्ल्यूडी श्रेणी में अर्श जैन शीर्ष पर रहे। जोन वार प्रदर्शन में मद्रास जोन ने सबसे बेहतर परिणाम दिया। यहां से 14,294 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। इसके बाद बॉम्बे जोन से 12,389 और दिल्ली जोन से 10,697 उम्मीदवार सफल रहे। शीर्ष 500 रैंक में भी मद्रास, बॉम्बे और दिल्ली जोन के उम्मीदवारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
रैंक सूची में शामिल होने के लिए कॉमन रैंक लिस्ट के उम्मीदवारों को प्रत्येक विषय में कम से कम 8 अंक तथा कुल 92 अंक प्राप्त करना जरूरी था। ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए यह सीमा प्रत्येक विषय में 7 अंक और कुल 82 अंक निर्धारित की गई थी। वहीं एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए प्रत्येक विषय में 4 अंक और कुल 46 अंक न्यूनतम योग्यता अंक तय किए गए थे।
जेईई (एडवांस्ड) 2026 में सफल अभ्यर्थी अब संयुक्त सीट आवंटन प्रक्रिया (जोसा) काउंसलिंग में भाग लेकर देश के प्रतिष्ठित आईआईटी सहित अन्य प्रमुख तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। परिणाम के साथ ही लाखों अभ्यर्थियों के इंतजार का अंत हो गया है और अब उनकी नजरें काउंसलिंग एवं सीट आवंटन प्रक्रिया पर टिकी हैं।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीसीएच