जसपाल राणा: भारत का मशहूर निशानेबाज जिसने मनु भाकर को बनाया ओलंपिक मेडलिस्ट

जसपाल राणा: भारत का मशहूर निशानेबाज जिसने मनु भाकर को बनाया ओलंपिक मेडलिस्ट

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। जसपाल राणा भारत के मशहूर निशानेबाज हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में यादगार प्रदर्शन करते हुए राणा ने देश में निशानेबाजी को लोकप्रिय बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। इस खेल को अलविदा कहने के बाद वे बतौर कोच सक्रिय हैं।

28 जून 1976 को उत्तराखंड के उत्तरकाशी में जन्मे जसपाल राणा ने 12 साल की उम्र में सिल्वर मेडल जीत राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शानदार शुरुआत की थी। राणा ने 1988 में 31वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में सिल्वर जीता था। 1994 में इटली के मिलान में आयोजित विश्व निशानेबाजी प्रतियोगिता में जूनियर स्तर पर उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बनाते अपना नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनाया।

जसपाल राणा ने 1996 में अटलांटा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। राणा 1994 एशियन गेम्स में 1 जबकि 2006 एशियन गेम्स में 3 गोल्ड जीते थे। 2006 में उन्होंने एक सिल्वर भी जीता था। 1998 एशियन गेम्स में सिल्वर, 1994 और 1998 एशियन गेम्स में उन्होंने ब्रांज मेडल जीता था।

राष्ट्रमंडल खेलों भी जसपाल राणा का शानदार प्रदर्शन रहा है। 1994 से लेकर 2006 के बीच चार राष्ट्रमंडल खेलों में 9 गोल्ड जीते। 2002 में मेलबर्न में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में उन्होंने 4 गोल्ड मेडल जीते थे। एशियन चैंपियनशिप 1995 में भी उन्होंने गोल्ड जीता था।

2012 के बाद से जसपाल राणा कोचिंग क्षेत्र में सक्रिय हैं। 2024 में हुए पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी में मेडल जीत देश दुनिया में अपना और देश का नाम रोशन करने वाली मनु भाकर के कोच जसपाल राणा ही हैं।

जसपाल को महज 18 साल की उम्र में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 21 साल की उम्र में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार मिला। 2020 में उन्हें द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। निशानेबाजी के क्षेत्र में बड़ी सफलता पाने के बाद जसपाल राणा युवाओं की प्रतिभा निखारने में लगे हैं। मनु भाकर इसका उदाहरण हैं। जिन्होंने जसपाल राणा की शागिर्दी में पेरिस ओलंपिक 2024 की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा और 10 मीटर मिक्सड डबल्स में कांस्य पदक जीता है। इस तरह मनु भाकर एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली इकलौती एथलीट हैं।

उन्होंने एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में 7 पदक और विश्व चैंपियनशिप और विश्व कप में 22 पदक जीते हैं।

--आईएएनएस

पीएके/केआर