जनजातीय गौरव दिवस पर नितिन नवीन ने दी शुभकामनाएं, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया नमन

जनजातीय गौरव दिवस पर नितिन नवीन ने दी शुभकामनाएं, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया नमन

पटना, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार, झारखंड सहित देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया, जिसके बाद पूरे देश में जनजातीय समाज के गौरव और योगदान को सम्मान देने के लिए यह दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है।

पटना में मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन बिहारवासियों, झारखंडवासियों और जनजातीय समुदाय के सभी लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने सभी देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं।

छठ महापर्व की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि बिहार की संस्कृति और परंपरा को आज पूरे देश और दुनिया में सम्मान के साथ स्वीकार किया जा रहा है। अनुशासन, शुद्धता और पवित्रता का यह पर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि पुरानी पीढ़ियों ने जिन परंपराओं को संभालकर रखा, नई पीढ़ी भी पूरी श्रद्धा के साथ उन्हें आगे बढ़ा रही है। यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही है। उन्होंने सभी छठव्रतियों को प्रणाम और नमन करते हुए कहा कि हम सबको उनका आशीर्वाद मिले, ताकि देश और दुनिया में आगे बढ़ सकें।

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि बिहार के लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य को भी नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहारियों के स्वभाव का उल्लेख करते हुए यह भाव व्यक्त किया था कि जो डूबता है, उसका उदय भी अवश्य होता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह बात बिहार की सोच और जीवन दर्शन को दर्शाती है। बिहार भी इसी भावना के साथ विकास के रथ पर आगे बढ़ रहा है और अपने वैभव तथा गौरवशाली इतिहास को फिर से स्थापित करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके