इसरो-आईसीआरबी भर्ती 2026: असिस्टेंट सहित 244 पदों पर वैकेंसी, 16 अगस्त तक करें आवेदन

इसरो-आईसीआरबी भर्ती 2026: असिस्टेंट सहित 244 पदों पर वैकेंसी, 16 अगस्त तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक विशेष विभाग, इसरो केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (आईसीआरबी) ने इसरो के विभिन्न क्षेत्र/जोन से संबंधित केंद्रों, अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) ब्रांच सचिवालय और डीओएस स्वायत्त निकायों में असिस्टेंट सहित विभिन्न 244 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

इसरो में निकली कुल 244 वैकेंसी में असिस्टेंट के 113, जूनियर पर्सनल असिस्टेंट के 81, अपर डिवीजन क्लर्क के 22, स्टेनोग्राफर के 10, असिस्टेंट (डीओएस के अंतर्गत स्वायत्त संस्थानों के लिए) के 17 और जूनियर पर्सनल असिस्टेंट (डीओएस के अंतर्गत स्वायत्त संस्थानों के लिए) का 1 पद शामिल हैं। इसरो ने जिन क्षेत्र/जोन में भर्ती निकाली है, उनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, हसन, हैदराबाद, महेंद्रगिरि, नई दिल्ली, श्रीहरिकोटा और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 जुलाई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन, कमर्शियल/सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस में डिप्लोमा और साथ ही स्टेनो-टाइपिस्ट/स्टेनोग्राफर के तौर पर एक वर्ष का अनुभव, कंप्यूटर के इस्तेमाल में दक्षता, इंग्लिश स्टेनोग्राफी में कम से कम 60 शब्द प्रति मिनट की स्पीड, आदि होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा, मेरिट सूची/डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी 'पे मैट्रिक्स' के लेवल 4 के अनुसार, 25,500 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो असिस्टेंट/अपर डिवीजन क्लर्क (इसरो और स्वायत्त निकाय)/जूनियर पर्सनल असिस्टेंट/स्टेनोग्राफर (इसरो और स्वायत्त निकाय) पदों के लिए 500 रुपए और असिस्टेंट/अपर डिवीजन क्लर्क और जूनियर पर्सनल असिस्टेंट/स्टेनोग्राफर (संयुक्त आवेदन) के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं, अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) और बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/एएस