नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। आईपीएल के पहले सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स (आरआर) 30 मार्च को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ अपने नए अभियान की शुरुआत करेगी, जिससे पहले श्रीलंकाई सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर दासुन शनाका पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) छोड़कर आईपीएल में आरआर के खेमे में शामिल हो सकते हैं, जो ग्रोइन इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके सैम करन की जगह लेंगे।
शनाका पिछले साल अबू धाबी में हुए आईपीएल ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, और बाद में पीएसएल के आगामी सीजन के लिए लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 75 लाख पाकिस्तानी रुपया में खरीदा था। अगर इसकी पुष्टि होती है, तो शनाका जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद दूसरे ऐसे खिलाड़ी होंगे, जो इस साल पीएसएल छोड़कर आईपीएल में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल साउथ अफ्रीकी सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने भी इसी तरह पीएसएल छोड़कर आईपीएल में जाने का फैसला किया था, जिन्होंने पेशावर जाल्मी को छोड़कर मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ करार किया था। इसके बाद पीएसएल ने उन पर एक साल का बैन लगा दिया था।
दासुन शनाका इससे पहले आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं। साल 2025 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें एक बार फिर टीम में शामिल किया था। इस बार वह घायल न्यूजीलैंड के बैटिंग-ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स की जगह मिड-सीजन रिप्लेसमेंट के तौर पर आए थे, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
रविवार को एक फ्रेंचाइजी अधिकारी ने 'आईएएनएस' को बताया, "आगामी आईपीएल सीजन के लिए शनाका को राजस्थान रॉयल्स में शामिल करने पर बातचीत जारी है। कुछ औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं, लेकिन ऐसा लग रहा है कि यह डील पक्की हो चुकी है और बातचीत उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।"
राजस्थान रॉयल्स का शनाका को टीम में शामिल करना करन के लिए एक 'लाइक-फॉर-लाइक' विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। हेड कोच कुमार संगकारा उन्हें बहुत अच्छी तरह जानते हैं, क्योंकि दोनों ही श्रीलंका से हैं। इसके अलावा, आरआर के असिस्टेंट कोच विक्रम राठौड़ ने इस साल के पुरुषों के टी20 विश्व कप के दौरान श्रीलंका के सुपर-8 तक के सफर में शनाका के साथ काम किया था, जहां इस ऑलराउंडर ने दो अर्धशतक जड़े थे।
--आईएएनएस
आरएसजी