आईपीएल 2026: एमआई के खिलाफ आरसीबी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं

आईपीएल 2026: एमआई के खिलाफ आरसीबी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं

रायपुर, 10 मई (आईएएनएस)। 'आईपीएल- 2026' के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ हो रही है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

आरसीबी ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान रजत ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। जाहिर है कि पिच अच्छी और हार्ड है। हम उन्हें कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करेंगे और चेज करेंगे। सच कहूं तो परिस्थितियां नई नहीं हैं। हम उसी टीम के साथ जा रहे हैं। हां, हमें कुछ हार मिली हैं, लेकिन हम विपक्षी टीम की बजाय खुद पर फोकस करना चाहते हैं।"

मुंबई इंडियंस ने भी अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। हार्दिक पांड्या इस मुकाबले में भी नहीं खेल रहे हैं। टॉस हारने के बाद कप्तान सूर्यकुमार ने कहा, "हम पहले बैटिंग करने को लेकर काफी कॉन्फिडेंट हैं। बड़ा ग्राउंड, काली मिट्टी का विकेट और बोर्ड पर रन होने से हमेशा ही दूसरी टीम दबाव में रहती है। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं। गेंदबाजी को लेकर हमारी हमेशा अच्छी बातचीत हुई है। यह गेंदबाजों के लिए मुश्किल है। हम हर दिन बेहतर करने की कोशिश करते रहते हैं।"

आरसीबी ने इस सीजन अब तक कुल 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम ने 6 में जीत दर्ज की है, जबकि 4 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, टिम डेविड ने फिनिशर की भूमिका को बखूबी निभाया है। गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की जोड़ी असरदार साबित हुई है, लेकिन सुयश शर्मा की खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में अब तक बुरी तरह से संघर्ष कर रही है। 10 मुकाबलों में से एमआई को सिर्फ 3 मैच में जीत नसीब हुई है, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन किया था। रोहित ने 84 और रिकेल्टन ने 83 रन बनाए थे। हालांकि, सूर्यकुमार यादव रनों के लिए जूझते नजर आए हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह लय से भटके हुए नजर आए हैं, जिसका असर एमआई के प्रदर्शन में साफतौर पर दिखाई दिया है। दीपक चाहर और अल्लाह गजनफर भी कुछ खास प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम दार।

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम