चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 53वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ सीएसके ने प्वाइंट्स टेबल में एक पायदान की छलांग लगाई है।
चेन्नई सुपर किंग्स 11 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, 11 में से 8 मैच गंवाकर लखनऊ सुपर जायंट्स सबसे अंतिम स्थान पर है।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 203 रन बनाए। इस टीम को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.1 ओवरों में 77 रन की साझेदारी की।
मिचेल मार्श 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि जोश इंग्लिस 33 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 85 रन बनाकर आउट हुए। सलामी जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद टीम ने 147 के स्कोर तक अपना छठा विकेट भी खो दिया था।
यहां से शाहबाज अहमद ने हिम्मत सिंह के साथ सातवें विकेट के लिए 32 गेंदों में 50 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। शाहबाज 25 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 43 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हिम्मत ने 12 गेंदों में 17 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। अंशुल कंबोज ने 2 विकेट निकाले और नूर अहमद ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम किया। संजू सैमसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 3.4 ओवरो में 45 रन की साझेदारी की। संजू 14 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से उर्विल पटेल ने तूफानी पारी खेलते हुए महज 13 गेंदों में अर्धशतक लगाया, जो आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक है। इस मामले में उन्होंने यशस्वी जायसवाल की बराबरी कर ली है। उर्विल ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 81 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
उर्विल 23 गेंदो में 8 छक्कों और 2 चौकों के साथ 65 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान गायकवाड़ ने 28 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 42 रन बनाए। प्रशांत वीर ने शिवम दुबे के साथ 19 गेंदों में 39 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। दुबे 7 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रशांत वीर ने 12 गेंदों में नाबाद 18 रन की पारी खेली।
--आईएएनएस
आरएसजी