नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी परिवार में 7 अक्टूबर 1981 को जन्मे अभिजीत सावंत का नाम भारतीय टेलीविजन इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। वह शख्स जिसने 2004 में देश के पहले सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल का पहला सीजन जीतकर पूरे देश के दिलों में जगह बनाई। उनके करियर के दो दशक पूरे होने जा रहे हैं, और इस सफर में उन्होंने गायक, एक्टर, एंकर और राजनेता तक कई भूमिकाएं निभाईं।
अभिजीत का बचपन मुंबई के माहिम में बीता। उन्होंने राजे शिवाजी विद्यालय से स्कूली शिक्षा ली और फिर बांद्रा के चेतना कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन किया। अभिजीत खुद कई बार कह चुके हैं कि वह पढ़ाई में बहुत अच्छे छात्र नहीं थे, लेकिन गायकी उनका पैशन था। उनके चाचा, जो खुद एक प्रोफेशनल कलाकार थे, ने उन्हें सही रास्ता दिखाया। सिंगिंग के साथ-साथ उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से साउंड इंजीनियरिंग और आईटी की भी पढ़ाई की।
2004 में जब इंडियन आइडल शुरू हुआ, तो किसी ने नहीं सोचा था कि यह शो भारत में रियलिटी कल्चर बदल देगा। पॉप आइडल फॉर्मेट पर आधारित इस शो में अभिजीत ने अपनी सादगी और सूफियाना आवाज से सभी को दीवाना बना दिया। फाइनल में अमित सना को हराकर वह भारत के पहले इंडियन आइडल बने।
इंडियन आइडल जीतने के बाद उनका पहला सोलो एल्बम 'आपका अभिजीत सावंत' 14 अप्रैल 2005 को रिलीज हुआ, जो सुपरहिट रहा। इसी साल उन्होंने फिल्म 'आशिक बनाया आपने' में 'मर जावां मिट जावां' गाने से बॉलीवुड में प्लेबैक डेब्यू किया। उनका दूसरा एल्बम 'जुनून' 10 जुलाई 2007 को आया, जिसका टाइटल ट्रैक चार्टबस्टर बना। 2013 में उन्होंने अपना तीसरा स्टूडियो एल्बम 'फरीदा' रिलीज किया।
रियलिटी शोज में उनका जलवा जारी रहा। 2008 में स्टार प्लस के 'जो जीता वही सुपर स्टार' में वह फर्स्ट रनर-अप रहे, जहां सभी रियलिटी शोज के विनर्स ने हिस्सा लिया था। वहीं एशियन आइडल में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और तीसरे स्थान पर रहे।
गायकी के साथ अभिजीत ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। 2009 में फिल्म 'लॉटरी' से उन्होंने एक्टिंग डेब्यू किया और 'तीस मार खान' में कैमियो किया। उन्होंने 'कैसा ये प्यार है' और 'सीआईडी' में भी स्पेशल अपीयरेंस दी। उन्होंने अपनी पत्नी शिल्पा के साथ डांस रियलिटी शो 'नच बलिए सीजन 4' में हिस्सा लिया। बाद में हुसैन कुवाजेरवाला के साथ इंडियन आइडल सीजन 5 को होस्ट भी किया।
2024 में उन्होंने 'बिग बॉस मराठी सीजन 5' में एंट्री ली और एक बार फिर अपने शांत और सुलझे हुए व्यवहार से दर्शकों का दिल जीतते हुए फर्स्ट रनर-अप बने। 2025 में वह 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया' में भी नजर आए।
युवाओं को जोड़ने के मकसद से अभिजीत शिवसेना में भी शामिल हुए। उनके करियर में एक विवाद भी जुड़ा। 2010 में सांता क्रूज में उनकी दोस्त प्राजक्ता शुक्रे की कार एक स्कूटर से टकरा गई थी। भीड़ जमा होने पर जब अभिजीत मदद के लिए उतरे तो गुस्साई भीड़ ने उनके साथ मारपीट कर दी, बाद में पुलिस ने उन्हें बचाया।
पहले इंडियन आइडल से लेकर आज तक अभिजीत सावंत का सफर संघर्ष, सादगी और निरंतरता की मिसाल है।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम