आईआईटी-गुवाहाटी में प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत कई पदों पर नौकरी का अवसर, फटाफट करें आवेदन

आईआईटी-गुवाहाटी में प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत कई पदों पर नौकरी का अवसर, फटाफट करें आवेदन

दिसपुर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) में नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं तो आपके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी ने अपने अनुसंधान एवं विकास कार्यालय में प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत विभिन्न 7 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी किया है।

आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से जारी 7 रिक्तियों में प्रोजेक्ट इंजीनियर का 1, एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर का 1, असिस्टेंट प्रोजेक्ट इंजीनियर का 1, प्लांट ऑपरेटर के 3 और लैब अटेंडेंट का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आईआईटी-गुवाहाटी के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोजेक्ट इंजीनियर पोस्ट के लिए इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में पीएचडी; या कम से कम 3 वर्ष के संबंधित अनुभव के साथ मास्टर डिग्री; या कम से कम 6 वर्ष के संबंधित अनुभव के साथ बैचलर डिग्री में होनी चाहिए।

एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री या कम से कम 3 वर्ष के संबंधित अनुभव के साथ बैचलर डिग्री होनी चाहिए। वहीं, केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, प्रोडक्शन, एनर्जी, एनवायरनमेंटल या संबंधित क्षेत्रों में अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।

असिस्टेंट प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में बैचलर डिग्री होनी चाहिए। वहीं, केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, प्रोडक्शन, एनवायरनमेंटल या संबंधित विषयों में बैचलर डिग्री वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्लांट ऑपरेटर पोस्ट के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, केमिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग या संबंधित क्षेत्र में आईटीआई या डिप्लोमा; और लैब अटेंडेंट पद के लिए संबंधित क्षेत्र में 10वीं/12वीं, आईटीआई या डिप्लोमा होनी चाहिए। वहीं, प्रयोगशाला या औद्योगिक अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 17,500 से 52,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू 10 अगस्त को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन (गूगल मीट) के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। कैंडिडेट्स ध्यान दे कि आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से यह भर्ती संविदा के आधार पर 11 माह के अवधि के लिए की जाएगी।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी