आईआईटी-गुवाहाटी में जूनियर इंजीनियर के पद पर भर्ती का अवसर, 8 जून तक करें आवेदन

आईआईटी-गुवाहाटी में जूनियर इंजीनियर के पद पर भर्ती का अवसर, 8 जून तक करें आवेदन

दिसपुर, 2 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी ने संविदा के आधार पर अवसंरचना योजना एवं प्रबंधन (आईपीएम) अनुभाग में जूनियर इंजीनियर (प्रशिक्षु) के अलग-अलग कुल 10 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यह पद पूरी तरह से संविदात्मक नियुक्ति के तहत अस्थायी है, जिसकी अवधि एक वर्ष होगी और संतोषजनक प्रदर्शन और संस्थान की आवश्यकताओं के आधार पर इसे बढ़ाया जा सकता है।

आईआईटी गुवाहाटी की ओर से जूनियर इंजीनियर (ट्रेनी) पोस्ट के लिए जारी 10 रिक्तियों में सिविल इंजीनियरिंग से 7, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से 2 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग का 1 पद शामिल है।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। वे आईआईटी गुवाहाटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा, न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 6 सीजीपीए के साथ होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 2 वर्ष का अनुभव होना भी अनिवार्य है। वहीं, बीई/बीटेक जैसी उच्च योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस पद के लिए आवेदन करने के पात्र नहीं हैं।

आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्ट लिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,000 रुपए प्रतिमाह होगी।

--आईएएनएस

डीके/वीसी